By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026
वाहन विनिर्माता हुंदै मोटर इंडिया ने सोमवार को कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित खूबियों वाले नए एसयूवी मॉडल बेयॉन को 9,99,900 रुपये की शुरुआती कीमत पर पेश किया। कंपनी ने बेयॉन और क्रेटा मॉडल की 2027 में कुल 2.5 लाख से अधिक इकाइयों की बिक्री का लक्ष्य रखा है। हुंदै मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने नए मॉडल की पेशकश के मौके पर कहा कि कंपनी मध्यम आकार के स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) खंड में अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखने के लिए क्रेटा और बेयॉन की संयुक्त बिक्री बढ़ाना चाहती है।
इसमें से 40 लाख वाहन निर्यात किए गए हैं। कंपनी चेन्नई में दो और पुणे में एक विनिर्माण संयंत्र संचालित करती है। उसके वाहन में स्थानीय स्तर पर विनिर्मित कलपुर्जों की हिस्सेदारी करीब 92 प्रतिशत है और देशभर में उसके 3,900 से अधिक बिक्री एवं सेवा केंद्र हैं।
उन्होंने बताया कि कंपनी वर्ष 2030 तक हर साल एक नया उत्पाद पेश करने की योजना पर काम कर रही है। इसके तहत सीएनजी, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहन खंड पर ध्यान दिया जाएगा। गर्ग ने कहा कि बेयॉन मॉडल की पेशकश के बाद कंपनी इस साल एक कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक एसयूवी भी पेश करेगी।
हुंदै के लिए 4.2 मीटर लंबे आकार वाली एसयूवी बेयॉन नई उत्पाद रणनीति का हिस्सा है। इसे चार मीटर से कम लंबाई वाले मॉडल वेन्यू और मध्यम आकार वाले एसयूवी मॉडल क्रेटा के बीच रखा गया है। क्रेटा पिछले 11 साल में 15 लाख से अधिक इकाइयों की बिक्री के साथ कंपनी का प्रमुख मॉडल बनी हुई है।
गर्ग ने कहा कि मध्यम आकार के एसयूवी खंड का आकार और वृद्धि कंपनी के एक से अधिक मॉडल के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराती है। उद्योग निकाय सियाम के आंकड़ों के अनुसार, मध्यम आकार के यूटिलिटी वाहन खंड में एसयूवी और एमपीवी समेत 4-4.4 मीटर लंबाई वाले वाहनों की बिक्री पिछले वित्त वर्ष में करीब नौ लाख इकाई रही। हालांकि, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में क्रेटा की बिक्री सालाना आधार पर नौ प्रतिशत से अधिक घटकर 89,727 इकाई रह गई, जबकि इस खंड की बिक्री 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ी।
गर्ग ने इस गिरावट की एक वजह डीजल मॉडल की सीमित आपूर्ति को बताते हुए कहा कि क्रेटा के डीजल संस्करण के लिए एक महीने से अधिक की प्रतीक्षा अवधि है। हुंदै के मुताबिक, 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन वाले बेयॉन में 70 से अधिक कनेक्टेड सुविधाएं और लेवल-2 प्रो उन्नत चालक सहायता प्रणाली (एडीएएस) समेत 80 से अधिक सुरक्षा सुविधाएं हैं। कंपनी ने कहा कि बेयॉन को भारतीय बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है।
इसमें जनरेटिव एआई आधारित पर्प्लेक्सिटी एआई प्रणाली भी एकीकृत की गई है। कंपनी को इस मॉडल को फाइव स्टार सुरक्षा रेटिंग मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अभी इसका भारत एनसीएपी में परीक्षण चल रहा है।
बेयॉन फिलहाल पेट्रोल विकल्प में उपलब्ध होगी। कंपनी ने जनवरी में इसका सीएनजी विकल्प पेश करने की योजना भी बताई है। हालांकि, डीजल संस्करण लाने की कोई योजना नहीं है।
गर्ग ने कहा कि कंपनी बेयॉन को 50 से अधिक देशों में निर्यात करने की भी योजना बना रही है। हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड की सालाना वाहन उत्पादन क्षमता 2030 तक बढ़कर 11.4 लाख इकाई हो जाएगी। इसकी मौजूदा स्थापित सालाना उत्पादन क्षमता 9.94 लाख वाहन है।