झारखंड में बोले मोदी, झामुमो, कांग्रेस और राजद का जनता से विश्वासघात का रहा है इतिहास

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 09, 2019

बरही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को यहां कहा कि भाजपा देश के आदिवासियों की जिंदगी और पिछड़ों की जिंदगी बेहतर बनाने, उनकी मुश्किलें कम करने और उनका मान सम्मान बढ़ाने के लिए दिन रात ईमानदारी से काम कर रही है लेकिन कांग्रेस, राजद और झारखंड मुक्ति मोर्चा का इतिहास ही आप से विश्वासघात और भ्रष्टाचार का रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज यहां झारखंड विधानसभा चुनावों के तीसरे चरण के लिए आयोजित चुनावी सभा में यह बात कही। प्रधानमंत्री मोदी ने कर्नाटक में कांग्रेस और जद(एस) की सरकार पर भ्रष्टाचार और स्वार्थ की राजनीति करने के आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘भाजपा देश के आदिवासियों की जिंदगी और पिछड़ों की जिंदगी बेहतर बनाने, उनकी मुश्किलें कम करने, उनका मान सम्मान बढ़ाने के लिए दिन रात ईमानदारी से काम कर रही है लेकिन कांग्रेस हो, राजद हो या फिर झारखंड मुक्ति मोर्चा हो उनका इतिहास है आप से विश्वासघात व भ्रष्टाचार करना।’’

उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि वह झारखंड में भी स्थिर और स्थाई सरकार के लिए इस विपक्षी गठबंधन के चक्कर में ना पड़ें क्योंकि यदि किसी कारण से यहां त्रिशंकू विधानसभा बनती है तो फिर ये पार्टियां अस्थिरता, अनिश्चितता और खरीद बिक्री का दौर प्रारंभ कर देंगी। इससे झारखंड का विकास बाधित होगा। मोदी ने कहा, ‘‘आज दुनिया में हिंदुस्तान की जय जयकार हो रही है। यह मोदी की वजह से नहीं बल्कि आपके द्वारा केंद्र में बनाई गई स्थिर, मजबूत और पूर्ण बहुमत की सरकार की वजह से हो रही है।’’ उन्होंने पूछा, ‘‘क्या झारखंड की ऐसी ही जयजयकार नहीं होनी चाहिए? अगर झारखंड का जय जय करना है, तो रांची में पूर्ण बहुमत वाली मजबूत भाजपा सरकार का बनाना बहुत जरूरी है।’’ उन्होंने दोहराया, ‘‘ये कांग्रेस ही है, जिसने भगवान राम की जन्मभूमि के विवाद को अपने वोट बैंक के लिए दशकों तक लटकाए रखा। विवाद चलने दिया। ताकि उनके वोट बैंक की खिचड़ी पकती रहे। यह फैसला तब आया जब आप सभी ने दिल्ली में भाजपा की मजबूत सरकार बनाई।’’

इसे भी पढ़ें: झारखंड में बोले PM मोदी, कर्नाटक ने सिखा दिया, जनादेश के खिलाफ जो जाएगा, जनता उसे सजा देगी

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के समय से ही अलग झारखंड की मांग चल रही थी। लेकिन कांग्रेस ने राजनीतिक स्वार्थ के कारण इस मामले को भी लटकाए रखा। यह मामला भी तब हल हुआ जब दिल्ली में अटल बिहारी वाजपेयी नीत भाजपा की सरकार बनी। उन्होंने कहा, ‘‘दशकों तक देश में यह मांग उठती रही कि झारखंड समेत देश के पिछड़ा वर्ग :ओबीसीः के करोड़ों परिवारों के हितों की सुरक्षा के लिए पिछड़ा आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया जाए। लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों ने पिछड़ों के हितों को बचाने वाला यह काम नहीं किया और ना होने दिया। यह काम भी तब हुआ जब दिल्ली में आपने मोदी की सरकार बनाई।’’ उन्होंने कहा कि लंबे समय से सामान्य वर्ग सवर्ण समाज के गरीब परिवार के युवा आरक्षण की मांग कर रहे थे। ये युवा सवर्ण समाज में पैदा हुए थे। लेकिन ये बेचारे गरीबी के कारण डूबते चले जा रहे थे। इन गरीब परिवारों की बातों पर ध्यान नहीं दिया गया और जब मोदी सरकार आई सामान्य जनता की गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण का लाभ भी मिला। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश राजनीतिक स्थिरता को लेकर क्या सोच रहा है और इसके लिए भाजपा पर उसका कितना विश्वास है उसका उदाहरण आज ही देश के सामने आया है। उन्होंने कहा, ‘‘लोग कहते हैं कि दक्षिण भारत में भाजपा कमजोर है। आज ही कर्नाटक में उपचुनाव के परिणाम आ रहे हैं और इस उपचुनाव में कर्नाटक में वहां की जनता का दोहन करने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है।’’

इसे भी पढ़ें: सत्ता में आने पर लोगों को जल, जंगल, जमीन लौटाया जाएगा: झारखंड में बोले राहुल गांधी

उन्होंने कहा, ‘‘स्थिरता और विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी पर एक बार फिर विश्वास जताने के लिए मैं कर्नाटक की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं’। वहां 15 सीटों पर उपचुनाव हुआ। कई सीटें ऐसी हैं जहां पिछले 70 साल में पहले भाजपा कभी जीती ही नहीं थी। लेकिन जनता को गद्दारी करने वालों पर इतना गुस्सा आया कि जहां हम 70 साल नहीं जीत सके वहां की भी जनता ने हम को जिता दिया, कमल खिला दिया।’’ उन्होंने कहा कि कर्नाटक उपचुनाव में कुछ सीटें तो ऐसी हैं, जहां भाजपा के सामान्य कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और जद(एस) के बड़े-बड़े दिग्गजों को धूल चटा दी। कर्नाटक के लोगों ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि अब कांग्रेस-जद(एस) वहां के लोगों के साथ विश्वासघात नहीं कर पाएगा। यह पूरे देश के तमाम राज्यों के लिए संदेश है अगर कोई जनादेश के खिलाफ जाएगा। जनता से विश्वासघात करेगा। जनता के पीठ के पीछे छुरा भोंकेगा, तो पहला मौका मिलते ही जनता उसे पूरी सजा देगी। प्रधानमंत्री ने लोगों को आगाह करते हुए कहा, ‘‘आप ध्यान रखें झारखंड में ऐसा ना हो। झारखंड में स्थाई सरकार बने। ताकि पांच साल तक सिर्फ और सिर्फ विकास हो, गरीबों का भला हो, माताओं बहनों का कल्याण हो।’’ उन्होंने कहा कि कर्नाटक के परिणामों को याद रखना बहुत जरूरी और पूरे देश को और यह उठापटक की राजनीति करने करने वाले नेताओं को भी यह बहुत मजबूत संदेश है।

इसे भी पढ़ें: BS येदियुरप्पा सरकार को मिली बड़ी राहत, छह सीटें जीतने के साथ ही हासिल किया बहुमत

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के प्रारंभ में मां छिन्नमस्तिका और माँ भद्रकाली को नमन किया। उन्होंने कहा कि यहां के बाबू रामनारायण सिंह की भावना के अनुरूप डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू कश्मीर में ‘अलग प्रधान अलग संविधान’ को खत्म करने के लिए संघर्ष किया। उनकी भावना के अनुरूप आज जम्मू कश्मीर में भारतीय संविधान पूरी तरह से लागू हो चुका है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले झारखण्ड में आदिवासियों को सिर्फ 19 हजार वनपट्टे ही मिल पाए थे लेकिन भाजपा ने बीते पांच साल में आदिवासियों को 60 हजार से भी अधिक वनपट्टा दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ इन्होंने आपके हित को लटका रखा और दूसरी तरफ आपकी संपदा को लूटने के लिए षड्यंत्र रचे। आपके कोयले, आपके अभ्रक, आपकी संपदा पर इन्होंने अपने लिए महल खड़े कर लिए। स्वार्थ के लिए इन्होंने एक निर्दलीय को मुख्यमंत्री बना दिया ताकि सभी को मनमानी करने का मौका मिल जाए। उसके बाद क्या हुआ मुझे कहने की जरूरत नहीं है आप भली-भांति जानते हैं।’’ विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘झारखंड के गरीब इनके लिए कोई मायने नहीं रखते। आज भाजपा झारखंड के 20 जिलों में विकास की सड़क दे रही है। अब इन क्षेत्रों में मुफ्त गैस कनेक्शन से लेकर 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा, बिजली कनेक्शन से लेकर घर-घर सफेद रोशनी वाले एलईडी बल्ब लगाने तक, गर्भवती महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण से लेकर शौचालय बनाने तक हर स्तर पर तेजी से काम किया जा रहा है।’’

प्रमुख खबरें

Manik Saha ने पूरा किया वादा: Judo Star Asmita Dey को मिला 10 लाख का Check और अगरतला में अपना घर

Commonwealth Fencing Championship: लागोस में Team India का दबदबा, तीसरे दिन 3 Gold समेत जीते 5 पदक

England Test Captain Joe Root ने खिलाड़ियों पर से हटाया Night Curfew, कहा- अपनी Responsibility खुद समझें Team Members

India vs Sri Lanka Test: Washington Sundar के बाहर होने से Team India की बढ़ी मुश्किलें, लगा बड़ा झटका