स्वतंत्रता दिवस: विश्व के नेताओं ने भारत के साथ विशेष और रणनीतिक साझेदारी को रेखांकित किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 15, 2023

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, उनके फ्रांसीसी समकक्ष इमैनुएल मैक्रों, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने मंगलवार को भारत के 77वें स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए नयी दिल्ली के साथ अपनी विशेष व रणनीतिक साझेदारी को रेखांकित किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक शुभकामना संदेश में पुतिन ने कहा कि वह आश्वस्त हैं कि दोनों राष्ट्र संयुक्त कोशिशों के जरिये सभी क्षेत्रों में सार्थक द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाना जारी रखेंगे। रूसी राष्ट्रपति ने क्षेत्रीय एवं वैश्विक महत्व के ज्वलंत मुद्दों का हल करने में रचनात्मक साझेदारी जारी रखने की भी बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘हम नयी दिल्ली के साथ विशेष व रणनीतिक साझेदारी को काफी महत्व देते हैं।’’ पुतिन ने कहा कि आर्थिक, वैज्ञानिक, प्रौद्योगिकी और सामाजिक क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों को सार्वभौम मान्यता मिली हैं।

ब्लिंकन ने कहा, ‘‘इस ऐतिहासिक दिन, हम अपनी साझेदारी को प्रदर्शित करते हैं, और हम भारत के लोगों के गौरवशाली इतिहास का जश्न मनाते हैं, जो दोनों देशों द्वारा साथ मिलकर निर्मित किये जा रहे उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम हमारे लोगों की शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए सर्वाधिक ज्वलंत वैश्विक चुनौतियों से निपटने की अपनी साझा प्रतिबद्धता में आपके साथ खड़े हैं।’’ आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री अल्बनीज ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि आस्ट्रेलिया और भारत के बीच गर्मजोशी भरी दोस्ती ‘‘हमारे लोगों’’ के बीच गहरे जुड़ाव को प्रदर्शित करती है तथा उनका लक्ष्य दोनों राष्ट्रों को भविष्य में और करीब लाना है। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘हम आस्ट्रेलियाई-भारतीय समुदायों की मजबूती के जरिये यह करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के अवसर पर ‘‘आइए हम हमारी साझा लोकतांत्रिक धरोहर को साझा करें।’’

मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ ने भारत को प्रगति के पथ पर और आगे ले जाने के लिए मोदी को बधाई दी।उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत ने विश्व को अपने लोगों की साधन संपन्नता प्रदर्शित की है, जिसका कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘मॉरीशस हमारे बीच भाई जैसे संबंधों पर गर्व करता है।’’ नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल प्रचंड ने निरंतर शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भारत के ‘मैत्रीपूर्ण लोगों’ को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। भूटान के प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग ने कहा कि वह आज भारत की उल्लेखनीय यात्रा का जश्न मनाने में शामिल भारत के अपने दोस्तों के साथ हैं।

प्रमुख खबरें

NEET विवाद पर Rajnath Singh के घर हाई-लेवल मीटिंग, धांधली रोकने पर मंथन, PMO के बड़े अफसर भी रहे मौजूद

दिल्ली जनजातीय सम्मेलन- अस्मिता, अधिकार का आधुनिक उलगुलान

Asian Games Trials से पहले बड़ा मोड़, Vinesh Phogat केस पहुंचा Supreme Court, WFI ने दी चुनौती

अहम खुफिया जानकारियां...मोसाद के एजेंट का भारत पर बड़ा खुलासा,