'INDI अलायंस को मुजरा करना है तो करे', Karakat में बोले PM Modi- बिहार को लूटने वालों को छोड़ेंगे नहीं

By अंकित सिंह | May 25, 2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उसके 'वोट बैंक के तुष्टिकरण' की तुलना मुजरा से की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद एससी, एसटी और ओबीसी समुदायों के लिए आरक्षण का कोटा छीनना चाहते हैं और इसे उन लोगों को देना चाहते हैं जो 'वोट जिहाद' करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ये जो लालटेन लेकर मुजरा करने वाली जमात है, ये बिहारियों के अपमान के बाद भी कांग्रेस के चरण चूम रही है, कांग्रेस के खिलाफ़ एक शब्द भी बोलने को तैयार नहीं है। राजद में हिम्मत नहीं कि वो बिहारियों के अपमान पर कांग्रेस को एक भी शब्द बोल पाए।

इसके साथ ही युवाओं से मोदी ने कहा कि मैं हमारे फर्स्ट टाइम वोटर को जंगलराज पार्ट-2 से सावधान करना चाहता हूं। युवाओं ने वो पुराने दिन नहीं देखे... जब शाम होने के बाद बाहर निकलना मुश्किल था। बाहर से कोई रात में रेलवे स्टेशन पहुंचता था... तो सुबह के उजाले का इंतज़ार करना पड़ता था। अपहरण, डकैती, हत्या, ये बिहार का दुर्भाग्य बन गया था। उन्होंने कहा कि नीतीश जी के नेतृत्व में NDA सरकार बिहार को जंगलराज से बाहर लेकर आई है। वो गुंडे, वो डकैत, वो लुटेरे अभी छिपे हुए हैं, मौके की तलाश में हैं। अगर गलती से भी ये इंडी वाले मजबूत होते दिखे, तो फिर उनको दाना-पानी मिलेगा और ये फिर मिलकर आपका भविष्य तबाह कर देंगे।

मोदी ने कहा कि मैं इस चुनाव में हिंदुस्तान के हर कोने में गया हूं। मैंने देखा है कि बिहार के लोगों में राजनीति का आंकलन करने का अद्भुत सामर्थ्य है। उन्होंने कहा कि 4 जून की शाम होते-होते बिहार में एक और काम होगा। उस दिन RJD वाले कहेंगे कि कांग्रेस ने लुटिया डुबो दी, एक दूसरे के कपड़े फाड़ना शुरू कर देंगे। कांग्रेस का शाही परिवार पराजय का ठीकरा खड़गे जी के सिर पर फोड़कर विदेश में छुट्टियां मनाने चला जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-RJD और इंडी गठबंधन को देश बार-बार खारिज कर चुका है। इनके पास न विजन है, इनके पास सिर्फ कन्फ्यूजन है। इनके पास हौसला नहीं, सिर्फ हताशा है। इनके पास नीति नहीं है, निर्णय लेने की क्षमता नहीं है...सिर्फ नकारापन है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों तक इनकी पूरी राजनीति, डरो और डराओ के मंत्र पर चली है। लेकिन मोदी ने इनके डर का गुब्बारा फोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि ये डरपोक कांग्रेस और RJD वाले कह रहे हैं कि पाकिस्तान के पास परमाणु बम है, इसलिए उससे डरो। इन डरपोक लोगों के कारण ही पाकिस्तान के आतंकी जब चाहे, भारत पर हमला करके चले जाते थे। मोदी इनकी तरह डरता नहीं है, मोदी ने सेना को कहा, जाओ घर में घुसकर मारो। आज पाकिस्तान कुछ करने से पहले 100 बार सोचता है।

इसे भी पढ़ें: Chandni Chowk Lok Sabha seat पर भारतीय जनता पार्टी को कड़ी चुनौती दे रही काँग्रेस

मोदी ने कहा कि कांग्रेस और RJD के राज में नक्सलियों ने सबको डराकर रखा था। लेकिन, मोदी नहीं डरता। इसलिए, आज नक्सलियों की पुरजोर सफाई चल रही है। उन्होंने कहा कि यही इंडी वाले एक और धमकी देते थे। ये कहते थे कि बड़े भ्रष्टाचारियों पर हाथ डाला, तो मोदी की कुर्सी हिला देंगे। मोदी डरता नहीं है। जिसने चोरी की है, जिसने गरीब को लूटा है, वो कितना ही बड़ा शहंशाह क्यों न हो, कितना ही बड़ा शहजादा क्यों न हो...उसको जेल में जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आज मैं बिहार के लोगों को एक और गारंटी दे रहा हूं। जिन्होंने बिहार के गरीबों को लूटकर नौकरी के बदले जमीन लिखवाई है, वो कान खोलकर सुन लें, उनका भी जेल जाने का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। बिहार को लूटने वालों को NDA सरकार छोड़ेगी नहीं। ये NDA की गारंटी है, मोदी की भी गारंटी है।

प्रमुख खबरें

AIIMS Nagpur में जूनियर डॉक्टर पर हमले के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों ने किया प्रदर्शन

PM Modi बोले, पिछले 12 वर्षों में शहरों और गांवों के बीच की दूरी घटी

आप हाफ़िज़ सईद पर मुक़दमा कब चलाएंगे? संयुक्त राष्ट्र में शहबाज़ शरीफ़ पर दागे गए तीखे सवाल, पाकिस्तान के Pakistan Prime ने साधी चुप्पी

UNGA में बोले Benjamin Netanyahu, New York के मेयर जोहरान ममदानी यहूदियों को खतरे में डाल रहे