भारत 2023 में लगातार दूसरे पुरुष हॉकी विश्व कप की मेजबानी करेगा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 08, 2019

लुसाने। अंतरराष्ट्रीय हाकी महासंघ (एफआईएच) ने शुक्रवार को यहां भारत को 2023 पुरूष हाकी विश्व कप की मेजबानी के लिये चुना जिससे देश लगातार दूसरी बार इस प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। एफआईएच के अनुसार पुरूष हाकी विश्व कप भारत में 13 से 29 जनवरी तक खेला जायेगा। एफआईएच की साल की अंतिम बैठक शुक्रवार को हुई और इसके कार्यकारी बोर्ड ने यह फैसला किया। इसी बैठक में फैसला किया गया कि स्पेन और नीदरलैंड एक से 22 जुलाई तक आयोजित होने वाले 2022 महिला विश्व कप के सह मेजबान होंगे। 

इसे भी पढ़ें: हॉकी इंडिया ने जूनियर पुरुष शिविर में 33 संभावित खिलाड़ियों को शामिल किया

पुरूष और महिला दोनों विश्व कप के स्थलों की घोषणा बाद में मेजबान देशों द्वारा की जायेगी। भारत इस तरह चार पुरूष हाकी विश्व कप का आयोजन करने वाला पहला देश बन गया। वह इससे पहले 1982 में मुंबई में, 2010 में नयी दिल्ली और 2018 में भुवनेश्वर में इस टूर्नामेंट का आयोजन कर चुका है। नीदरलैंड ने तीन पुरूष हाकी विश्व कप की मेजबानी की है। भारत 2023 में स्वतंत्रता के 75 साल पूरे करेगा इसलिये हाकी इंडिया इस मौके पर देश में इस खेल के विकास को दर्शाने के लिये विश्व कप की मेजबानी करना चाहता था। पुरूष विश्व कप के अगले चरण की मेजबानी के लिये भारत सहित तीन देशों (बेल्जियम और मलेशिया अन्य दो देश) ने दावेदारी पेश की थी। 

इसे भी पढ़ें: रिजिजू को भरोसा, अपना खोया हुआ गौरव फिर से हासिल करेगी भारतीय हॉकी

महिला विश्व कप के लिये पांच देशों - जर्मनी, स्पेन, नीदरलैंड, मलेशिया और न्यूजीलैंड - ने बोली लगायी थी। 2023 विश्व कप का प्रारूप पिछले चरण की तरह ही होगा। एफआईएच के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थिएरी वेल ने कहा कि खेल के विकास के अलावा टूर्नामेंट से मिलने वाले फायदे को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि एफआईएच को इन प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिये शानदार बोली प्राप्त हुई। फैसला करना मुश्किल था। एफआईएच का मुख्य लक्ष्य खेल का दुनिया भर में विकास करना है जिसके लिये निश्चित रूपसे निवेश की जरूरत है इसलिये प्रत्येक बोली में मिलने वाले लाभ ने फैसला करने में अहम भूमिका निभायी। 

इसे भी पढ़ें: हॉकी इंडिया ने राष्ट्रीय शिविर के लिये 22 खिलाड़ियों का चयन किया

विश्व कप के अलावा भारत ने हाल में कुछ बड़े हाकी टूर्नामेंट का आयोजन किया है जिसमें 2014 में एफआईएच चैम्पियंस ट्राफी, 2016 में जूनियर पुरूष विश्व कप, 2017 में एफआईएच हाकी विश्व लीग फाइनल, 2019 में एफआईएच पुरूष सीरीज फाइनल्स शामिल हैं और हाल में एफआईएच हाकी ओलंपिक क्वालीफायर का समापन हुआ है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, ‘‘हम खुश हैं कि हम 2023 पुरूष हाकी विश्व कप की मेजबानी की बोली जीतने में सफल रहे। जब हमने दावेदारी पेश की थी तो हम अपने देश को स्वतंत्रता के 75 साल का जश्न मनाने के लिये एक और कारण देना चाहते थे क्योंकि हमने अंतिम बार यह टूर्नामेंट 1975 में जीता था।   

प्रमुख खबरें

Russia Ukraine War: यूक्रेन का पारा हाई, 1000 ड्रोन से रूस पर हमला!

Nutrifresh दक्षिण भारत में 150 एकड़ फार्म के लिए 225 करोड़ रुपये करेगी निवेश

8 दिन की CBI रिमांड खत्म, Mahadev App मामले में सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक जेल में रहेगा

Omar Abdullah ने अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र, अनंतनाग में मांगा वंदे भारत का स्थायी स्टॉप