अफगानिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगा भारत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 21, 2019

साउथम्पटन। भारतीय टीम विश्व कप में अपना नेट रन रेट बेहतर करने के लिये लगातार हार से त्रस्त अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार को यहां होने वाले मैच में बड़ी जीत हासिल करने की कोशिश करेगी। खिताब के प्रबल दावेदार भारत का अफगानिस्तान के खिलाफ मैच एकतरफा होने की संभावना लग रही है जिसमें भारतीय बल्लेबाज मौका मिलने पर कुछ नये रिकार्ड स्थापित कर सकते हैं। इस मैच में बड़ी जीत से भारत की सेमीफाइनल की राह अधिक आसान हो जाएगी। अफगानिस्तान का विवादास्पद अभियान मैदान के अंदर और बाहर के गलत फैसलों के कारण बेहद खराब रहा है। अब उनका सामना स्टार क्रिकेटरों से सजी टीम से है जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत ऐसी टीम रही जिसे शुरू में ही कड़े मुकाबलों का सामना करना पड़ा तथा दक्षिण अफ्रीका, आस्ट्रेलिया और पाकिस्तान पर जीत के बाद अब विराट कोहली की टीम अजेय नजर आ रही है। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और आलराउंडर विजय शंकर के चोटिल होने के बावजूद भारत ने दबदबा बनाये रखा। आस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ने के बाद अंगूठे की चोट के कारण धवन का बाहर होना भारत के लिये बड़ा झटका था लेकिन केएल राहुल ने पाकिस्तान के खिलाफ शीर्ष क्रम में अच्छा प्रदर्शन करके उनकी खास कमी नहीं खलने दी। 

इसे भी पढ़ें: आलोचनाओं की शिकार हो रही सानिया को शोएब अख्तर ने बताया बदकिस्मत !

भारतीय टीम प्रबंधन आगे के मैचों से पहले उन्हें पर्याप्त मैच अभ्यास देने की कोशिश करेगा। भारतीय गेंदबाजी भी प्रतियोगिता में सबसे संतुलित लग रही है लेकिन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने कहा कि उनकी टीम अफगानिस्तान को कमजोर नहीं आंक रही है। बुमराह ने कहा, ‘‘हम किसी टीम को हल्के से नहीं लेते। चाहे आस्ट्रेलिया हो या अफगानिस्तान, हम प्रत्येक टीम का बराबर सम्मान करते हैं। हम अपने मजबूत पक्षों पर ध्यान देते हैं और हमें अभी यही करना चाहिए।’’ भुवनेश्वर पाकिस्तान के खिलाफ 16 गेंदें करने के बाद मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान से बाहर चले गये थे। भारत को इसका नुकसान नहीं हुआ क्योंकि विजय शंकर और पंड्या ने अच्छी गेंदबाजी की। अफगानिस्तान के खिलाफ मोहम्मद शमी को टूर्नामेंट में अपना पहला मैच खेलने का मौका मिल सकता है तथा उनकी तेजी और मूवमेंट हजरातुल्लाह जाजई, हशमुतुल्लाह शाहिदी और अशगर अफगान जैसे बल्लेबाजों को परेशानी में डाल सकती है। अफगानिस्तान के अनुभवहीन बल्लेबाजों के लिये कुलदीप यादव या युजवेंद्र चहल का सामना करना भी आसान नहीं होगा। अफगानिस्तान हालांकि भारत को कड़ी चुनौती पेश करके अपना आत्मविश्वास बढ़ाने की कोशिश करेगा। 

इसे भी पढ़ें: PM मोदी ने की धवन के जल्द मैदान पर लौटने की कामना, बोले- आपकी कमी खलेगी

टीमें इस प्रकार हैं : 

भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, विजय शंकर, हार्दिक पंड्या, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, भुवनेश्वर कुमार में से। 

अफ़ग़ानिस्तान: गुलबदीन नायब (कप्तान), आफ़ताब आलम, हज़रतुल्लाह जाज़ई, असग़र अफ़गान, राशिद ख़ान, मोहम्मद नबी, मुजीब उर रहमान, दौलत जादरान, नजीबुल्लाह ज़ादरान, हामिद हसन, हशमतुल्लाह शाहिदी, समीउल्लाह शिनवारी, रहमत शाह, नूर अली जादरान, इकराम अलीखिल में से। 

प्रमुख खबरें

Tata Motors का Vision 2031: 12 लाख Vehicle Sales, 6 लाख करोड़ रेवेन्यू का लक्ष्य तय

Amazon CEO Andy Jassy की फडणवीस से मुलाकात, Maharashtra में निवेश और AI पर बड़ा फोकस

Iran के Nuclear Program पर लगेगी लगाम? US संग डील के बाद IAEA करेगा यूरेनियम भंडार की जांच

Bihar AI Policy से Migration नहीं, Innovation Hub बनेगा राज्य, मंत्री नीतीश मिश्रा का बयान