US Dollar के मुकाबले तीन पैसे चढ़कर 95.70 के स्तर पर बंद हुआ रुपया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 20, 2026

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले शुरुआती बढ़त गंवाते हुए महज तीन पैसे के लाभ के साथ 95.70 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर रहा। डॉलर सूचकांक में कमजोरी से रुपये को शुरुआती समर्थन मिला, लेकिन कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने इसके लाभ को सीमित कर दिया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर में कमजोरी से घरेलू मुद्रा पर कुछ हद तक गिरावट का दबाव कम होता है, लेकिन कच्चे तेल की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर रहने से भारत के आयात बिल पर दबाव बना रहेगा।

अंत में यह अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले तीन पैसे की बढ़त के साथ 95.70 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। रुपया बुधवार को लगभग स्थिर रहा था और एक पैसे की बढ़त के साथ 95.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.61 पर कारोबार कर रहा था।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 2.22 प्रतिशत बढ़कर 93.65 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि कमजोर डॉलर और घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख के कारण रुपया बढ़त के साथ खुला। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि के कारण रुपये ने शुरुआती बढ़त गंवा दी।

उन्होंने कहा, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर कड़े आर्थिक प्रतिबंधों की घोषणा के बाद अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे से बढ़ते वैश्विक तनाव के कारण रुपये के हल्के नकारात्मक दायरे में रहने की संभावना है। चौधरी ने कहा कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और महंगाई की चिंताएं भी रुपये को कमजोर कर सकती हैं। हालांकि, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद कम होने के बीच अमेरिकी डॉलर में गिरावट से निचले स्तर पर रुपये को बल मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि कारोबारी अमेरिका से जारी होने वाले साप्ताहिक बेरोजगारी दावे के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.50 से 96 के दायरे में रहने की उम्मीद है। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 628.04 अंक की छलांग लगाकर 77,537.72 अंक पर जबकि निफ्टी 153.55 अंक की बढ़त के साथ 24,231.85 अंक पर बंद हुआ।

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को शुद्ध रूप से 407.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

प्रमुख खबरें

Vanakkam Poorvottar: Delimitation से लेकर Cauvery तक... दक्षिण की बड़ी चिंताओं पर Amit Shah की बैठक में निकला समाधान का रास्ता!

Putrada Ekadashi 2026: क्या सिर्फ पुत्र प्राप्ति के लिए है यह व्रत? जानें बेटी की चाहत पर धार्मिक मान्यताएं और Puja Rituals

Sensex 628 अंक उछला, Nifty में सात दिनों से जारी गिरावट पर लगा विराम

Amit Shah के सामने साउथ के CM ने की 2 बड़ी मांग, बैग देते समय थलापति विजय ने किया क्या इशारा?