इंग्लैंड के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए उतरेगी भारतीय महिला टीम

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 21, 2019

मुंबई। चोट के कारण हरमनप्रीत कौर की गौरमौजूदगी के बावजूद भारतीय महिला क्रिकेट टीम शुक्रवार से यहां इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में दबदबा बनाने के इरादे से उतरेगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ उसकी सरजमीं पर एकदिवसीय श्रृंखला 2-1 से जीतने के बाद भारतीय टीम आत्मविश्वास से भरी है। टीम को हालांकि टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। भारत को अगर 2021 विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करना है तो 2020 तक विश्व रैंकिंग के शीर्ष चार में अपनी जगह बरकरार रखनी होगी। यह श्रृंखला आईसीसी चैंपियनशिप का हिस्सा है और इसके सभी मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाएंगे। इंग्लैंड की टीम जब पिछली बार यहां आई थी तो मिताली राज की अगुआई वाली भारतीय टीम ने 2-1 से जीत दर्ज की थी।

इसे भी पढ़े: रहीम स्टर्लिंग के गोल से मैनचेस्टर सिटी ने शाल्के को 3-2 से हराया

मिताली की अगुआई वाली भारतीय टीम को अतीत में अपने मध्यक्रम की परेशानी का सामना करना पड़ा है और नव नियुक्त कोच डब्ल्यूवी रामन जितना जल्दी संभव हो इसमें सुधार की कोशिश करेंगे।भारत के गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई एक बार फिर अनुभवी झूलन गोस्वामी करेंगी। इसके अलावा तेज गेंदबाजी में उनका साथ निभाने के लिए शिखा पांडे और मानसी जोशी जैसी गेंदबाज भी मौजूद हैं।मैच में स्पिन की भूमिका अहम हो सकती है और ऐसे में धीमी गेंदबाजों दीप्ति शर्मा, एकता बिष्ट और पूनम यादव पर काफी दारोमदार होगा। दूसरी तरफ 50 ओवर के प्रारूप में इंग्लैंड की टीम काफी मजबूत है। टीम के पास शीर्ष में डेनी वाट (61 मैच में 746 रन) और हीथर नाइट (86 मैच में 2331 रन) जैसी अनुभवी खिलाड़ी हैं। मेहमान टीम के पास इसके अलावा सोफी एकलेस्टोन जैसी आलराउंडर और अनुभवी तेज गेंदबाज आन्या स्रुबसोल और नैट शिवर की मौजूदगी में ऐसा गेंदबाजी आक्रमण है जो भारत को परेशान कर सकता है।

टीमें इस प्रकार हैं:

भारत: मिताली राज (कप्तान), झूलन गोस्वामी, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्ज, दीप्ति शर्मा, तान्या भाटिया,आर कल्पना, मोना मेशराम, एकता बिष्ट, राजेश्वरी गायकवाड़, पूनम यादव, शिख पांडे, मानसी जोशी, पूनम राउत और हरलीन देओल।

इंग्लैंड: टैमी ब्युमोंट, कैथरीन ब्रंट, केट क्रास, सोफिया डंक्ले, सोफी एकलेस्टोन, जार्जिया एल्विस, एलेक्स हार्टले, एमी जोन्स, हीथर नाइट, लारा मार्श, नैट शिवर, आन्या स्रुबसोल, सारा टेलर, लारेन विनफील्ड और डेनी वाट।

प्रमुख खबरें

नेतन्याहू ने अपने भाषण से इस्लामिक देशों में ही करा दी फूट? 77 देशों का वॉकआउट, 4 प्रमुख मुस्लिम बहुल मुल्क अपनी सीट पर जमे रहे, Abraham Accords है वजह?

Mental Health सुधारने में मददगार है Color Therapy, तनाव और डिप्रेशन से दिलाती है राहत

The Vvaan Movie Review | सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फैंटेसी थ्रिलर बहुत सारे आइडियाज़ के बोझ तले दबी

Pitru Paksha 2026: 26 सितंबर से शुरू होगा श्राद्ध पक्ष, जानिए श्राद्ध की प्रमुख तिथियां और तर्पण विधि