Indian women's hockey: सलीमा टेटे को वर्ष की उदीयमान खिलाड़ी का पुरस्कार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 24, 2023

नयी दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम की मिडफील्डर सलीमा टेटे को 2022 में शानदार प्रदर्शन के लिये एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) ने वर्ष की उदीयमान खिलाड़ी के पुरस्कार से सम्मानित किया है। कोरिया के मुंगयोंग में एशियाई हॉकी महासंघ की वार्षिक आम बैठक में इस 20 वर्षीय खिलाड़ी को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। सलीमा ने हॉकी इंडिया के बयान में कहा,‘‘ मैं पिछले कई वर्षों की मेरी कड़ी मेहनत को पहचान देने के लिए एशियाई हॉकी महासंघ का आभार व्यक्त करती हूं।’’ एशियाई हॉकी महासंघ ने इसके साथ ही हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह को उदीयमान खेल अधिकारी के पुरस्कार से सम्मानित किया। सलीमा पिछले दो वर्षों से भारतीय महिला टीम का अभिन्न अंग रही है।

उन्हें पिछले साल मस्कट में महिला एशिया कप में टूर्नामेंट की उदीयमान खिलाड़ी चुना गया था। उन्होंने 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला के दौरान सीनियर टीम की तरफ से पदार्पण किया था। इसके बाद उन्होंने 2018 में अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में युवा ओलंपिक खेलों में भारतीय जूनियर टीम को रजत पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सलीमा तोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी थी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में 2021 में खेले गए एफआईएच हॉकी महिला जूनियर विश्वकप में भी हिस्सा लिया था जिसमें भारतीय टीम चौथे स्थान पर रही थी।

इसे भी पढ़ें: UEFA Euro में खेलते हुए Cristiano Ronaldo ने रचा इतिहास, सबसे अधिक मुकाबलों में खेलने का बना रिकॉर्ड

यह मिडफील्डर एफआईएच हॉकी प्रो लीग में तीसरे स्थान पर रहने वाली भारतीय टीम और बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा भी थी। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने इस युवा मिडफील्डर को पुरस्कार जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा,‘‘मैं सलीमा टेटे को इस पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बधाई देता हूं। यह देखकर मुझे बहुत खुशी होती है कि हमारे भारतीय खिलाड़ियों को वैश्विक मंच पर वह पहचान मिल रही है जिसके वे हकदार हैं।

प्रमुख खबरें

Bangladesh में जबरन वसूली के आरोप में हिंदू व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

Prime Minister Modi ने खेल को बनाया राष्ट्रीय प्राथमिकता: मुख्यमंत्री शर्मा

Maharashtra सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 16 वर्षीय आदिवासी छात्रा ने आत्महत्या की

Toronto Indian Student Shot Dead | कनाडा टोरंटो यूनिवर्सिटी के पास अंधाधुंध फायरिंग, 20 साल के भारतीय छात्र शिवांक अवस्थी की हत्या