By अंकित सिंह | Oct 24, 2026
जनता दल (यूनाइटेड) ने मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह को अनुशासनहीनता के आरोपों और हाल ही में संपन्न हुए बिहार विधान परिषद चुनावों में पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार करने के कारण 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। साथ ही, उनकी प्राथमिक सदस्यता भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है। सिंह ने JD(U) उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध किया था और 'जन सुराज' के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था। पार्टी अब विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से औपचारिक रूप से सिफारिश करेगी कि सिंह को विधायक के पद से अयोग्य घोषित किया जाए।
शनिवार को विधायक अनंत सिंह ने अपने उस बयान से पलटी मार ली, जिसमें उन्होंने कहा था कि नीतीश के समर्थन के लिए उन्होंने नौ लोगों की हत्या करवाई थी। उन्होंने कहा कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया। इसके बजाय, उन्होंने RJD पर आरोप लगाया कि जब बिहार में लालू प्रसाद सत्ता में थे, तब उनके नौ रिश्तेदारों की हत्या कर दी गई थी। विवाद में बुरी तरह फंसने के बाद, मोकामा क्षेत्र में अच्छा-खासा प्रभाव रखने वाले अनंत सिंह ने सफाई दी कि उनका मतलब यह था कि पिछली RJD सरकार के दौरान उनके परिवार के नौ सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। उन्होंने आगे कहा कि मेरा कहने का मतलब यह था कि मैंने नीतीश के लिए ऐसा बलिदान दिया है।
उन्होंने बताया कि RJD के शासनकाल के दौरान उन पर भी गोली चलाई गई थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ये सब इसलिए हुआ क्योंकि हमने नीतीश का साथ दिया था। उनका यह बयान JD(U) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा द्वारा पार्टी का रुख स्पष्ट किए जाने के 24 घंटे के भीतर आया है।