झारखंड के CM हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल का विस्तार, सात नये मंत्री हो सकते हैं शामिल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 28, 2020

रांची। झारखंड में हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल का मंगलवार को विस्तार किया जायेगा और सात नये मंत्रियों को राजभवन में शाम चार बजे आयोजित शपथग्रहण समारोह में शपथ दिलायी जायेगी। समझा जाता है कि झाविमो से सत्ताधारी गठबंधन में आने वाले विधायकों एवं अन्य आकांक्षी लोगों के लिए एक मंत्री पद रिक्त रखा गया है। झारखंड राजभवन के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से भेंट कर उनसे अपने मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए समय मांगा।

राजभवन सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल ने मंगलवार शाम चार बजे नये मंत्रियों के शपथ ग्रहण का समय निर्धारित किया है। शपथ ग्रहण का कार्यक्रम राजभवन के बिरसा मंडप में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कुल सात नये मंत्री शपथ लेंगे जिन्हें मिलाकर राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मिलाकर कुल 11 मंत्री हो जायेंगे जो संविधान के अनुसार झारखंड में मंत्रियों की अधिकतम संभव संख्या से एक कम होगी। यहां कुल 82 विधायकों की विधानसभा है और अधिकतम 12 मंत्री बनाये जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि कल कांग्रेस कोटे से दो और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कोटे से पांच मंत्री शपथ लेंगे। इससे 11 सदस्यीय मंत्रिमंडल में कांग्रेस के चार, झामुमो के मुख्यमंत्री समेत छह और राजद के एक मंत्री हो जायेंगे।

इसे भी पढ़ें: पूर्व राष्ट्रपति मुखर्जी ने हेमंत सोरेन को चैंपियन ऑफ चेंज पुरस्कार से नवाजा

मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल में एक पद रिक्त रखा है। समझा जाता है कि झारखंड विकास मोर्चा से सत्ताधारी गठबंधन में शामिल होने के प्रयास में जुटे तिर्की बंधु और प्रदीप यादव तथा कुछ असंतुष्ट विधायकों के लिए एक पद खाली रखा गया है। इससे पहले मुख्यमंत्री और उनके साथ कांग्रेस के दो एवं राजद के एक विधायक ने मोराबादी मैदान में 29 दिसंबर को भव्य समारोह में शपथग्रहण किया था। इसके बाद 24 जनवरी को मंत्रिमंडल के विस्तार का कार्यक्रम रखा गया था जिसे चाईबासा में सात आदिवासियों की हत्या के बाद मुख्यमंत्री के अनुरोध पर स्थगित कर दिया गया था। हाल के चुनावों में भाजपा को मात देकर हेमंत सोरेन राज्य के 11वें मुख्यमंत्री बने हैं। 

प्रमुख खबरें

Maharashtra: सूखा राहत पैकेज को नाकाफी बता Congress ने Latur और Nanded में किया विरोध

Pitru Paksha 2026: पितरों के आशीर्वाद के लिए दक्षिण दिशा में करें श्राद्ध, कुशा और काले तिल का प्रयोग अनिवार्य

CEC ज्ञानेश कुमार के दिल्ली आवास के बाहर Youth Congress का लाठियों के साथ प्रदर्शन

Odisha Flood: 13 जिलों में नदियां उफान पर, 70 हजार से अधिक लोग राहत शिविरों में भेजे गए