कैलाश विजयवर्गीय का दावा, किश्तों में भाजपा से जुड़ेंगे TMC के कई और विधायक

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 28, 2019

नयी दिल्ली। पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बीच पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश में सात चरणों में हुए चुनाव की तरह ही अगले महीने से सात चरणों में विधायकों एवं नेताओं को पार्टी में शामिल करने का कार्यक्रम होगा। पश्चिम बंगाल से तीन विधायक एवं 50 से अधिक पार्षद मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए जिसमें भाजपा नेता मुकुल राय के पुत्र शुभ्रांशू राय भी शामिल हैं। विजयवर्गीय ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ बंगाल में सात चरणों में लोकसभा चुनाव हुए थे। हम इसी प्रकार अगले महीने से बंगाल में शामिल होने (नेताओं के) का कार्यक्रम रखेंगे। हर महीने अलग अलग चरण में शामिल (विधायकों, नेताओं को) कराया जायेगा।’’ भाजपा महासचिव ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री ने जब कहा था कि तृणमूल के 40 विधायक हमारे सम्पर्क में हैं तब तृणमूल ने कहा था कि एक पार्षद भी शामिल नहीं होगा। आज तीन विधायक और 50 से अधिक पार्षद भाजपा में शामिल हो गए।

इसे भी पढ़ें: विधान सभा के उप−चुनावों से दूरी बना सकती है यूपी कांग्रेस

कैलाश विजयवर्गीय और मुकुल राय ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आने वाले दिनों में तृणमूल कांग्रेस से और विधायक भाजपा में शामिल होंगे।’’ कभी ममता बनर्जी के करीबी रहे भाजपा नेता मुकुल राय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के इस्तीफे की पेशकश से जुड़ी घटना पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह कुर्सी नहीं छोड़ सकती है, जब तक प्रदेश के लोग नहीं हटायेंगे तब तक वह कुर्सी नहीं छोड़ेंगी। राय ने दावा किया, ‘‘ 2021 में आसन्न विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को विपक्षी पार्टी का भी दर्जा नहीं मिलेगा।’’ गौरतलब है कि 2016 में पश्चिम बंगाल में 294 सदस्यीय विधानसभा के लिये हुए चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को 211 सीटों पर जीत मिली थी जबकि भाजपा को सिर्फ तीन सीट हासिल हुई थी। इसके बाद से भाजपा लगातार मजबूत होते हुए मुख्य प्रतिद्वन्द्वी बन गई है। मुकुल राय ने कहा, ‘‘ लोग तृणमूल कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। आने वाले सप्ताह में और लोग शामिल होंगे।’’ बहरहाल, 50 पार्षदों के भाजपा में शामिल होने से तीन नगरपालिकाओं में भाजपा का कब्जा हो गया है।

प्रमुख खबरें

Aishwary Tomar, Niraj Kumar और Rudrankksh Patil की भारतीय Shooting Team ने जीता Silver

मणिपुर में फिर 6 महीने AFSPA, नागालैंड के 9 जिले अशांत क्षेत्र घोषित, MHA ने जारी की अधिसूचना

Asian Games 10000m Race में Gulveer Singh ने जीता Silver Medal

Bangladesh ने UN में कहा- हम मुस्लिमों से परेशान, पूरा भारत हैरान!