By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026
विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता पहलवान काजल धोचक के अलावा नीलम सिरोही और अमृता पुजारी ने अगले महीने होने वाली राष्ट्रमंडल कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली। काजल ने हाल में अस्ताना में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर भारत के ऐतिहासिक प्रदर्शन में योगदान दिया था। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पोलोकवाने में चार से छह दिसंबर तक होने वाली चैंपियनशिप की महिला 76 किग्रा स्पर्धा में महज 35 सेकेंड में अपना स्थान पक्का कर लिया।
काजल ने वेदिता को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया। विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली नीलम सिरोही ने 50 किग्रा भार वर्ग में नेहा चुगाटे को चित करके आसान जीत दर्ज की। अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता अमृता पुजारी ने 72 किग्रा वर्ग में अपनी रणनीति से सभी को प्रभावित किया।
उन्होंने पहले मुकाबले में निशा को चित करके जीत हासिल की, लेकिन सेमीफाइनल में प्रियंका के खिलाफ उन्हें कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। लेकिन उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी को चौंकाकर जीत दर्ज की। बिपाशा के खिलाफ फाइनल में भी अमृता 1-3 से पीछे थीं, लेकिन मुकाबले के अंतिम क्षणों में उन्होंने ‘आर्म लॉक’ की स्थिति से प्रतिद्वंद्वी को पलटकर चित कर दिया और खिताब अपने नाम किया।
इस बीच सृष्टि ने 68 किग्रा वर्ग में मानसी लाठर को एकतरफा अंदाज में हराकर भारतीय टीम में जगह बनाई। महिला 53 किग्रा वर्ग के फाइनल में नीशू ने उम्मीद के मुताबिक स्नेहा को 7-1 से हराया। अहिल्या सिंदे (55 किग्रा), नेहा सांगवान (59 किग्रा), पुष्पा (62 किग्रा) और जानवी (65 किग्रा) ने भी अपने-अपने भार वर्गों में ट्रायल जीतकर भारतीय टीम में जगह बनाई।
विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता अंतिम पंघाल ने ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए अंतिम समय में अनुरोध किया था, लेकिन भारतीय कुश्ती महासंघ ने उन्हें अनुमति नहीं दी। इसकी वजह यह थी कि वह वजन मापने की प्रक्रिया (वे इन) के लिए उपस्थित नहीं हुई थीं। इस बीच भारत के शीर्ष पहलवान अमन सहरावत, सुजीत कलकल, नयी विश्व चैंपियन मनीषा भानवाला, नितेश सिवाच, दीपक पूनिया और सुनीत को ट्रायल से छूट दी गई।
उन्हें अपने खर्च पर भारतीय टीम के दूसरे पहलवान के रूप में प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अनुमति दी गई। राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में एक देश को प्रत्येक भार वर्ग में दो पहलवान उतारने की अनुमति है। सरकार केवल ट्रायल जीतने वाले पहलवानों का खर्च उठाती है जबकि दूसरे पहलवान को अपने खर्च पर प्रतियोगिता में जाने का विकल्प दिया जाता है।
वहीं प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) की टीम हरियाणा थंडर ने ट्रायल के दौरान विश्व चैंपियनशिप की चारों महिला पदक विजेताओं को सम्मानित किया। तनु शर्मा को 75 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया जबकि नीलम और काजल को एक-एक लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। स्वर्ण पदक जीतने वाली मनीषा को 1.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।