By प्रेस विज्ञप्ति | Nov 13, 2026
जेवर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान करने तथा जनता को बेहतर आवागमन की सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से आज जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की अधिशासी अभियंता एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में विधायक ने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे एवं लंबित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाए जाने के सख्त निर्देश दिए।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण नहीं किए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए उनके विरुद्ध शासन स्तर से सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
बैठक में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले मझावली पुल से ग्रेटर नोएडा तक बनने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को आगामी आठ दिवस के भीतर इस महत्वपूर्ण मार्ग का निर्माण कार्य आरंभ कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग दोनों प्रदेशों के मध्य कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इसी प्रकार जेवर से खुर्जा जाने वाले मार्ग पर चल रहे चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी आठ दिवस के भीतर मार्ग को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन योग्य बनाया जाए, जिससे निर्माण कार्य के कारण आमजन, व्यापारियों, किसानों एवं विद्यार्थियों को हो रही परेशानियों से निजात मिल सके। उन्होंने मार्ग के चौड़ीकरण कार्य को भी निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए।
जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने विधानसभा क्षेत्र में अन्य लंबित विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक विभागीय औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण कराते हुए लंबित निर्माण कार्यों को अविलंब प्रारंभ कराया जाए।
इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जेवर विधानसभा क्षेत्र आज देश और दुनिया के आकर्षण का केंद्र बन चुका है। ऐसे में विकास कार्यों के प्रति किसी भी अधिकारी की उदासीनता स्वीकार्य नहीं है। जनता ने हमें अपनी समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए चुना है। जनता के समय, सुविधाओं और हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाना होगा और विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्वक एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करना होगा। जो अधिकारी जनता से जुड़े कार्यों में लापरवाही बरतेंगे, उनकी जवाबदेही तय कराते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। मेरा स्पष्ट मानना है कि विकास कार्यों में देरी केवल किसी परियोजना में देरी नहीं है, बल्कि यह जनता की अपेक्षाओं और क्षेत्र की प्रगति के साथ अन्याय है। जेवर विधायक ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा कार्यों की प्रगति से उन्हें समय-समय पर अवगत कराया जाए, जिससे किसी भी स्तर पर उत्पन्न होने वाली बाधाओं का तत्काल निस्तारण कराया जा सके।