पंजाब में Diwali पर पराली जलाने के मामलों में संदिग्ध बढ़ोतरी, Kapil Mishra ने मांगी जांच

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

नयी दिल्ली, नौ नवंबर राष्ट्रीय राजधानी में बिगड़ती वायु गुणवत्ता को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया, जब दिल्ली सरकार में मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता कपिल मिश्रा ने सोमवार को आरोप लगाया कि दिवाली के दिन आम आदमी पार्टी (आप) शासित पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में अचानक “संदिग्ध” वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, ‘आप’ ने मिश्रा के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि पंजाब से उठा धुआं “10 मिनट में दिल्ली नहीं पहुंच सकता।” ‘आप’ की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने सत्तारूढ़ भाजपा पर “हरित क्षेत्रों” के पास एक्यूआई निगरानी केंद्र स्थापित करके और उनके आसपास पानी का छिड़काव करके प्रदूषण से जुड़े आंकड़ों में “हेरफेर” करने का आरोप लगाया। भारद्वाज की यह टिप्पणी मिश्रा के दिवाली के दिन पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में हुई कथित वृद्धि की जांच की मांग किए जाने के बाद आई।

मिश्रा ने दावा किया कि उनके कार्यालय और अन्य सरकारी प्रतिनिधियों को पंजाब से फोन आए, जिनमें किसानों ने बताया कि जब वे अपने परिवार के साथ दिवाली मना रहे थे, तब उनके खेतों में रखी पराली में जानबूझकर आग लगा दी गई। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब में दिवाली के दिन पराली जलाए जाने की 1,152 घटनाएं सामने आईं, जो इस मौसम में एक दिन में दर्ज की गई ऐसी घटनाओं की सबसे अधिक संख्या है। मिश्रा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दिल्ली सरकार ने पराली जलाने की घटनाओं से जुड़े उपग्रह डेटा की जांच की, जिसमें पाया गया कि दिवाली के दिन पंजाब में ऐसी घटनाओं की संख्या पिछले तीन दिनों की तुलना में काफी बढ़ गई थी।

उन्होंने उपग्रह डेटा का हवाला देते हुए कहा कि पांच, छह और सात नवंबर को हर रोज पराली जलाए जाने की लगभग 100 से 125 घटनाएं सामने आईं, जबकि आठ नवंबर को यह आंकड़ा बढ़कर करीब 1,200 हो गया। मिश्रा ने खेतों में पराली जलाने की घटनाओं में अचानक हुई वृद्धि पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए मामले की जांच होनी चाहिए।

मिश्रा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की कि वह खेतों में जानबूझकर पराली जलाए जाने से जुड़े मामलों की जांच के आदेश दें और प्राथमिकी दर्ज कराएं। उन्होंने प्रभावित इलाकों के स्थानीय जनप्रतिनिधियों के फोन रिकॉर्ड की जांच कराने की भी मांग की। भारद्वाज ने मिश्रा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि प्रदूषण के आंकड़ों पर चर्चा करते समय सरकार को वैज्ञानिक सिद्धांतों का पालन करना चाहिए।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अगर आपके पंजाब वाले सिद्धांत को मान भी लिया जाए, तो भी पंजाब से दिल्ली तक धुआं पहुंचने में दो-तीन दिन लगते हैं। दिवाली की रात पंजाब में जलाई गई पराली से उठा धुआं 10 मिनट में दिल्ली नहीं पहुंच सकता।” भारद्वाज ने सवाल उठाया कि अगर पराली जलाने से निकलने वाला धुआं प्रदूषण के उच्च स्तर के लिए जिम्मेदार है, तो केवल दिल्ली में ही प्रदूषण इतना ज्यादा क्यों है, जबकि राष्ट्रीय राजधानी तक पहुंचने से पहले इस धुएं को हरियाणा से होकर गुजरना पड़ता। उन्होंने दिल्ली सरकार पर हवा की गुणवत्ता की निगरानी के लिए ‍खास तरह के इंतजाम करके आंकड़ों में हेरफेर करने और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

भारद्वाज ने कहा, “दिल्ली सरकार हरे-भरे इलाकों के पास एक्यूआई निगरानी केंद्र स्थापित करके और इन केंद्रों के आसपास पानी का छिड़काव करके जो धोखा दे रही है, उसे जनता समझती है और अब वह उसके जाल में और नहीं फंसेगी।” ‘आप’ नेता ने आरोप लगाया कि प्रदूषण के आंकड़ों में हेरफेर करने के जनस्वास्थ्य पर गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसकी वजह से लोग गंभीर रूप से बीमार पड़ सकते हैं या उनकी जान भी जा सकती है। मिश्रा ने दावा किया था कि सोमवार तड़के पंजाब के मलोट, अबोहर और संगरूर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 1,200 के पार पहुंच गया, जबकि संगरूर में एक्यूआई का स्तर 1,651 दर्ज किया गया।

मिश्रा ने दिल्ली में दिवाली से पहले और बाद में प्रदूषण के स्तर की तुलना करते हुए दावा किया कि इस साल प्रदूषण पिछले वर्षों की तुलना में कम रहा। उन्होंने आंकड़ों के हवाले से कहा कि 2023 में दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में 43.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी और 2024 में इसमें लगभग 10 फीसदी का इजाफा हुआ था, जबकि इस साल इसमें 1.33 प्रतिशत की कमी देखी गई है। मिश्रा ने कहा कि प्रदूषण अब भी चिंता का विषय बना हुआ है, लेकिन सरकार के प्रयासों और जनता की भागीदारी से स्थिति में सुधार लाने में मदद मिली है।

प्रमुख खबरें

विदेशी पूंजी प्रवाह और कच्चे तेल में नरमी से US Dollar के मुकाबले मजबूत हुआ रुपया

PMEGP योजना में धोखाधड़ी: ED ने श्रीनगर और बांदीपोरा में 10.63 करोड़ की संपत्ति कुर्क की

Indore के गौतमपुरा में पारंपरिक Hingot युद्ध के दौरान 20 लोग झुलसे

IOA Elections में PT Usha को झटका, Saina Nehwal और Anju Bobby George जीतीं