By अंकित सिंह | Apr 01, 2023
कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बनी हुई है। नेताओं का दलबदल भी जा रही है। इन सब के बीच वरिष्ठ जेडीएस नेता एटी रामास्वामी ने आज भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने हाल में ही जनता दल सेक्यूलर से इस्तीफा दिया था। अनुराग ठाकुर की उपस्थिति में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद एटी रामास्वामी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की। इसे कर्नाटक चुनाव से पहले जनता दल सेक्यूलर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
रामास्वामी ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा था कि मैंने अर्कलगुड के विधायक के तौर पर इस्तीफा दे दिया है। मैंने अपना इस्तीफा विधानसभा सचिव को सौंप दिया है और विधानसभा अध्यक्ष के आने के बाद मैं उनसे मिलूंगा और उनसे इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध करूंगा। उन्होंने विधानसभा सदस्य के रूप में सेवा करने का अवसर देने के लिए जद (एस) को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने कभी भी व्यक्तिगत लाभ के लिए राजनीति नहीं की और पूरी ईमानदारी से राज्य एवं अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की सेवा की है। रामास्वामी ने कहा, मैंने जद (एस) नहीं छोड़ा। उन्होंने खुद ही मुझे बाहर कर दिया... मैं धन बल का शिकार हुआ हूं।