Kartarpur Sahib गलियारा सुरक्षा कारणों से बंद, Lok Sabha में बोली सरकार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 01, 2026

सरकार ने शुक्रवार को संसद को बताया कि उसे सिख धार्मिक समूहों और संगठनों से श्री करतारपुर साहिब गलियारा को ‘‘जल्द फिर खोलने’’ के लिए अनुरोध मिले हैं, लेकिन मौजूदा सुरक्षा हालात के कारण इसे ‘‘बंद’’ रखना पड़ रहा है। विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में यह बात कही। विदेश मंत्रालय से पूछा गया था कि क्या सरकार को सिख समुदाय के नेताओं, सांसदों और नागरिक समाज से इस गलियारे को ‘‘जल्द फिर से खोलने’’ के अनुरोध मिले हैं, क्योंकि इसका बहुत अधिक धार्मिक और भावनात्मक महत्व है।

मंत्री ने एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि सरकार को पाकिस्तान के फारूकाबाद में 125 साल पुराने गुरुद्वारे के एक हिस्से को ढहाये जाने की जानकारी है। सरकार ने इस्लामाबाद से इस मामले की जल्द जांच करने और इस ‘‘घिनौनी हरकत’’ के दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है। सिंह ने कहा, ‘‘सरकार को पाकिस्तान के फारूक़ाबाद में 125 साल पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब के एक हिस्से को तोड़े जाने की जानकारी है।

सरकार ने इस हरकत की कड़ी निंदा की है और पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि वह इस मामले की जल्द से जल्द जांच करे और इस घिनौनी हरकत को अंजाम देने वालों को सज़ा दिलाए।’’ उन्होंने बताया कि पिछले पांच साल में भारत सरकार ने पाकिस्तान सरकार के समक्ष ‘‘अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार की कम से कम 550 बड़ी घटनाओं का मुद्दा उठाया है, जिनमें धार्मिक स्थलों की बेअदबी के 31 मामले भी शामिल हैं।’’ सिंह ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि ईरान में चाबहार बंदरगाह परियोजना के लिए अमेरिका से मिली सशर्त छूट 26 अप्रैल को खत्म हो गई और सरकार इस घटनाक्रम के असर से निपटने के लिए संबंधित पक्षों के साथ बातचीत कर रही है। उन्होंने कहा कि चाबहार बंदरगाह संबंधी योजना अफगानिस्तान के पुनर्निर्माण और आर्थिक विकास के लिए ज़रूरी ‘कनेक्टिविटी’ मुहैया कराने, साथ ही मध्य एशिया के साथ भारत के व्यापार और आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने के मकसद से बनाई गई थी। भारत सरकार की कंपनी, इंडिया पोर्ट्स ग्लोबल लिमिटेड अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी इंडिया पोर्ट्स ग्लोबल चाबहार फ्री ज़ोन के ज़रिए 2018 से इस बंदरगाह का संचालन कर रही है।

प्रमुख खबरें

Hardik Pandya की वापसी से सुलझेगी No 7 और 8 की गुत्थी, Shubman Gill का बयान

Delhi Protests पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को भेजा नोटिस, अनिश्चितकाल तक धरना स्थल घेरना गलत

Gold Demand: जुलाई-सितंबर तिमाही में सोने की मांग 29% लुढ़ककर 162.5 टन पर आई

UNGA में पारंपरिक हथियारों पर नियंत्रण संबंधी प्रस्ताव के विरोध में भारत और Israel ने दिया वोट