MK Stalin से मिले केजरीवाल, Tamil Nadu CM बोले- AAP और दिल्ली के लोगों के साथ खड़ी रहेगी DMK

By अंकित सिंह | Jun 01, 2023

दिल्ली में सेवाओं को लेकर केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल लगातार विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। आज उन्होंने चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप के कई अन्य नेता भी मौजूद रहे। मुलाकात के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने आज उनसे दिल्ली सरकार के खिलाफ केंद्र के अध्यादेश पर चर्चा की। 

एमके स्टालिन का बयान

तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने कहा कि अरविंद केजरीवाल एक अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार उपराज्यपाल का इस्तेमाल कर दिल्ली केंद्रशासित प्रदेश और वहां की आप सरकार पर दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार दिल्ली पर अध्यादेश लाएगी और DMK इसका पुरजोर विरोध करेगी। हमने अन्य नेताओं के विचारों पर चर्चा की और मैं सभी नेताओं से अरविंद केजरीवाल का समर्थन करने की अपील करता हूं। 

इसे भी पढ़ें: DMK विपक्ष को एकजुट करने के लिए सभी कदम उठाएगा : स्टालिन

केजरीवाल इन नेताओं से कर चुके है मुलाकात

अरविंद केजरीवाल केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जैसे नेताओं से मिल चुके है। केंद्र ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और दानिक्स कैडर के अधिकारियों के तबादले और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण बनाने के उद्देश्य से हाल ही में एक अध्यादेश जारी किया था। यह अध्यादेश उच्चतम न्यायालय द्वारा दिल्ली में निर्वाचित सरकार को पुलिस, सार्वजनिक व्यवस्था और भूमि से संबंधित मामलों को छोड़कर अन्य मामलों का नियंत्रण सौंपने के बाद लाया गया था।

प्रमुख खबरें

AAP MP Sanjay Singh का आरोप, Jaunpur में कागजों पर चल रहे 5 सरकारी स्कूल

Rajnandgaon Police पर हत्या की जांच के दौरान दो भाइयों से मारपीट का आरोप

Raipur IGKV ने रद्द की BSc Agriculture परीक्षा, पेपर लीक के बाद अब सितंबर में होगी

Supreme Court पहुंचे पत्रकार Abhishek Upadhyay, गाजियाबाद पुलिस की FIR को चुनौती दी