By अंकित सिंह | Jul 22, 2026
संसद में लगातार बवाल जारी है। राज्यसभा में, केंद्रीय मंत्री और सदन के नेता जेपी नड्डा ने विपक्ष पर बड़ा आरोप लगाया है। नड्डा ने राज्यसभा में कहा कि INDI गठबंधन का व्यवहार बहुत गैर-जिम्मेदाराना है। हम संसद में उनके इस लोकतंत्र-विरोधी व्यवहार को साफ देख सकते हैं। संसदीय मर्यादा को तार-तार किया जा रहा है और लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन हो रहा है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने अभी-अभी बहुत स्पष्ट रूप से कहा है कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है।
इससे पहले संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मैं सदन में सरकार का पक्ष रखना चाहता हूँ। मॉनसून सत्र के पहले दिन से ही सरकार कह रही है कि हम सभी अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार हैं। हम शुरू से ही NEET परीक्षा के पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार हैं। हम अभी भी तैयार हैं। हमने कांग्रेस नेताओं और दूसरी पार्टियों के नेताओं से भी कहा है कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन चर्चा कैसे होगी, यह चेयर की अध्यक्षता में सभी के साथ बैठक के बाद तय किया जाना है। लेकिन अगर वे चर्चा न करने के बहाने ढूंढ रहे हैं और शर्तें रख रहे हैं, तो यह सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं के भविष्य के लिए NEET परीक्षा और उससे जुड़े मामलों पर चर्चा करने को तैयार है। देश को यह बताना हमारी ज़िम्मेदारी है कि सरकार ने क्या कदम उठाए हैं... जैसे ही चेयर तय करेगी, सरकार चर्चा के लिए 100% तैयार है।
देशभर की राजनीति, ताज़ा घटनाओं और बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ें National News in Hindi केवल प्रभासाक्षी पर।