By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 09, 2026
हैदराबाद में 11 दिसंबर से शुरू होने वाले आठवें खेलो इंडिया युवा खेलों (केआईवाईजी) में 27 प्रतिस्पर्धी खेलों के अलावा सेलिंग (पाल नौकायन) को प्रदर्शनी स्पर्धा के तौर पर शामिल किया जाएगा। खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को यह घोषणा की। हैदराबाद के विभिन्न खेल स्थलों पर 22 खेलों का आयोजन होगा।
इनमें बशीरबाग स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम परिसर और आधुनिक गचीबाउली खेल परिसर शामिल हैं। बाकी खेलों का आयोजन खम्मम (तीरंदाजी), हनुमानकोंडा (एथलेटिक्स), करीमनगर (जूडो), निजामाबाद (टेबल टेनिस) और महबूबनगर (कबड्डी) में किया जाएगा।
आगामी सत्र में प्रतिस्पर्धी खेलों की सूची से रग्बी की जगह रोइंग को शामिल किया गया है। पहली बार मेजबानी कर रहे तेलंगाना ने पिछले सत्र के मेजबान बिहार की पसंद रग्बी की जगह रोइंग को चुना है। इस प्रतियोगिता में करीब छह जार खिलाड़ियों और 1,800 सहयोगी स्टाफ के हिस्सा लेने की उम्मीद है। सॉफ्टबॉल पहली बार प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में शामिल होगा जबकि सेलिंग को पहली बार खेलो इंडिया युवा खेलों के कार्यक्रम में प्रदर्शन स्पर्धा के तौर पर जगह मिली है।
मांडविया ने कहा, ‘‘हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि खेल पारिस्थितिकी तंत्र का इस तरह विस्तार होना चाहिए कि हम ओलंपिक में अधिक से अधिक खेलों में हिस्सा ले सकें। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा है कि हमें समुद्र और पहाड़ों जैसे प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल करके खेले जाने वाले खेलों को बढ़ावा देना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सेलिंग ऐसा ही एक खेल है और हमें बेहद खुशी है कि हमारे सेलिंग के खिलाड़ी इन खेलों का हिस्सा बनेंगे और अपने खेल को बढ़ावा देने में मदद करेंगे।’’ खेलो इंडिया युवा खेलों का पिछला सत्र पिछले साल मई में आयोजित किया गया था।