Jammu के Nehru Market अग्निकांड स्थल पहुंचीं Mehbooba Mufti, व्यापारियों के लिए आर्थिक मदद मांगी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

जम्मू, नौ नवंबर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को आग से तबाह हुए जम्मू के नेहरू बाजार का दौरा किया और अग्निकांड में भारी नुकसान झेलने वाले व्यापारियों के लिए सरकार से पर्याप्त वित्तीय सहायता देने की मांग की। शहर के बीचोंबीच स्थित बिक्रम चौक इलाके में रविवार देर रात लगी भीषण आग में कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। ऐतिहासिक नेहरू बाजार जम्मू के सबसे पुराने व्यावसायिक केंद्रों में से एक है, जहां अनाज, खाद्य तेल, आवश्यक वस्तुओं और रोजमर्रा के इस्तेमाल के अन्य सामानों का थोक कारोबार होता है।

प्रभावित व्यापारियों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए महबूबा ने कहा कि सरकार की वित्तीय सहायता के बिना व्यापारी न तो इस नुकसान से उबर पाएंगे और न ही अपना कारोबार दोबारा शुरू कर सकेंगे। उन्होंने व्यापारियों की ओर से कहा, हमारा सामान और बाकी सब कुछ बर्बाद हो गया है। जब तक हमें वित्तीय सहायता नहीं मिलती, हम इस नुकसान से उबर नहीं पाएंगे।

अपना कारोबार दोबारा शुरू करने के लिए हमें आर्थिक मदद की जरूरत है, क्योंकि नुकसान बहुत अधिक हुआ है। इस घटना को भयावह बताते हुए उन्होंने कहा कि दिवाली व्यापारियों के लिए अंधेरी और डरावनी रात में तब्दील हो गई। महबूबा ने कहा कि त्योहारों के मौसम में आग लगने की आशंका को देखते हुए बाजारों में पर्याप्त सुरक्षा और अग्निशमन इंतजाम किए जाने चाहिए थे।

उन्होंने कहा कि आग बुझाने के लिए भेजे गए दमकल वाहन छोटे थे और बड़े वाहनों को मौके पर भेजा जाना चाहिए था। ऐसा करने से आग को फैलने से रोकने में मदद मिल सकती थी। उन्होंने कहा, ये आम लोग हैं, कोई बड़े कारोबारी नहीं।

इनमें से अधिकतर ने अपना कारोबार शुरू करने के लिए कर्ज लिया है, उधार लिया है और यहां तक कि परिवार के गहने भी बेचे हैं। वे दिनभर कमाते हैं और रात में उसी कमाई से अपने परिवार का पेट पालते हैं। महबूबा ने सरकार से प्रभावित व्यापारियों को पर्याप्त आर्थिक सहायता देने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें अपना रोजगार दोबारा शुरू करने और नुकसान से उबरने के लिए मदद की जरूरत है।

प्रभावित व्यापारियों ने बताया कि बाजार में खाद्य तेल, दाल, आटा, चावल, घी, सूखे मेवे और झाड़ू सहित घरेलू इस्तेमाल की कई वस्तुओं का कारोबार होता था। उन्होंने कहा कि आग से करोड़ों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग तेजी से फैल गई और उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

बीमा संबंधी सवाल पर व्यापारियों ने कहा कि कुछ दुकानदारों ने बीमा करा रखा हो सकता है, जबकि कुछ के पास बीमा नहीं था। किसी ने भी इतने बड़े नुकसान की आशंका नहीं जताई थी। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि आग लगने के शुरुआती समय में अग्निशमन की व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी और घटना के करीब पांच मिनट बाद एक छोटा दमकल वाहन मौके पर पहुंचा।

एक दुकानदार ने कहा, यह इतना बड़ा अनाज बाजार है। इतनी भीषण आग बुझाने के लिए छोटा वाहन भेजना पर्याप्त नहीं था। प्रशासन को बेहतर तैयारी रखनी चाहिए थी।

उन्होंने दावा किया कि शुरुआत में पानी का दबाव भी पर्याप्त नहीं था और बड़े दमकल वाहन स्थिति बिगड़ने के बाद ही मौके पर पहुंचे। दुकानदार ने कहा कि दिवाली के दौरान आग लगने की आशंका को देखते हुए विशेष एहतियाती इंतजाम किए जाने चाहिए थे। उन्होंने ऐसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए बेहतर तैयारी की मांग की।

जम्मू में दो सप्ताह से कुछ अधिक समय के भीतर आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिसमें शीतकालीन राजधानी के दो प्रमुख बाजार तबाह हो गए हैं। इससे पहले 25 अक्टूबर की रात शिव मार्केट में भीषण आग लगी थी, जो 26 अक्टूबर की सुबह तक जारी रही। इस घटना में कम से कम 40 दुकानें आग की चपेट में आ गई थीं और करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई थी।

प्रमुख खबरें

Delhi में पांच साल की सबसे प्रदूषित Diwali, एक्यूआई 376 तक पहुंचा

Lucknow के ठाकुरगंज में घर में आग लगने से 75 वर्षीय Mohammad Atiq की मौत

KR Narayanan Death Anniversary: देश के पहले दलित और 10वें राष्ट्रपति थे के आर नारायणन, जानिए रोचक बातें

Khelo India Youth Games: हैदराबाद में पहली बार दिखेगा Sailing का रोमांच, 11 दिसंबर से शुरुआत