By मिताली जैन | Apr 24, 2026
किचन में काम करना किसी कला से कम नहीं है। अगर आप यह सोचते हैं कि बस खाना बनाकर सर्व करना ही काफी है तो आप गलत है। दरअसल, किचन में आप किस तरह से काम करते हैं, यह भी बहुत मायने रखता है। हम सभी को किचन में एक खास तरह से काम करने की आदत है और सालों से हम उसी तरह से काम करते हैं। लेकिन क्या आपको यह जानकारी है कि किचन में ऐसी कई चीजें होती हैं, जिन्हें हम गलत तरीके से इस्तेमाल करते हैं और आज भी हमारा तरीका बदला नहीं है।
नॉन-स्टिक पैन इन दिनों इंडियन किचन में काफी पॉपुलर हो रहे हैं। अमूमन यह देखने में आता है कि लोग जल्दी खाना बनाने के लिए नॉन-स्टिक पैन को हाई फ्लेम पर रख देते हैं। हालांकि, यहीं पर आप गलती कर बैठते हैं। ज्यादा गर्म होने पर उसकी कोटिंग धीरे-धीरे खराब होने लगती है। जिसकी वजह से ना केवल खाना चिपकने लगता है, बल्कि इससे पैन की शेल्फ लाइफ भी खराब हो जाती है। इसलिए नॉन-स्टिक पैन को हमेशा लो या मीडियम फ्लेम पर ही इस्तेमाल करें। साथ ही, यह भी ध्यान रखें कि आप पैन को यूं ही खाली ज्यादा देर तक गर्म ना करें।
किचन में चॉपिंग बोर्ड का इस्तेमाल किया जाता है और आजकल लोग लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। इस्तेमाल के बाद इन्हें अमूमन पानी से वॉश किया जाता है। लेकिन सिर्फ इतना करना ही काफी नहीं होता। इस्तेमाल के दौरान इनमें छोटे-छोटे कट्स में गंदगी और बैक्टीरिया फंस सकते हैं। इसलिए, लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड को हल्के साबुन से धोएं और कभी-कभी नमक और नींबू से रगड़ें। इसे धोने के बाद अच्छी तरह सुखाना ना भूलें।
अक्सर किचन में काम करते समय हम एक जल्दबाजी में रहते हैं और इसलिए कभी-कभी गरम ग्रेवी, सूप या मसाला सीधे मिक्सर में डालकर तुरंत पीस देते हैं। लेकिन जब आप ऐसा करते हैं तो इससे अंदर भाप बनती है और ढक्कन खुल सकता है। इससे ना केवल जलने का खतरा रहता है, बल्कि मिक्सर पर भी नेगेटिव असर पड़ सकता है। इसलिए, आप मिक्सर में जो भी पीसें, पहले उसे थोड़ा ठंडा होने दें। साथ ही यह भी ख्याल रखें कि आप जार आधा ही भरें।
- मिताली जैन