जानिए उन नेताओं के बारे में जिन्होंने अपनी दोस्त के साथ लिए हैं सात फेरे

By टीम प्रभासाक्षी | Dec 28, 2021

शादी एक पवित्र बंधन और सात जन्मों तक निभाया जाने वाला साथ है। आपने और हमने कई शादियां देखी और कई शादियों की कहानियां भी सुनी होंगी। लेकिन इस खबर में आज हम आपको भारतीय राजनीति के कुछ चुनिंदा नेताओं की शादी की कहानियां सुनाएंगे। ये वह नेता हैं जिन्होंने अपनी दोस्त के साथ सात फेरे लिए हैं। और एक खुशहाल जीवन जी रहे हैं। आइए आपको बताते हैं कौन है वो नेता जिन्होंने अपनी दोस्त से की है शादी।

 देश की राजनीति में अरविंद केजरीवाल हजारे के अन्ना आंदोलन की देन हैं। आईआरएस की नौकरी छोड़कर समाज सेवा की राह पर निकले अरविंद केजरीवाल को शुरुआत में अन्ना हजारे जैसे बड़े समाजसेवियों का साथ मिला था। आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने सूचना के अधिकार के लिए भी काफी काम किया, केजरीवाल फरवरी 2015 में रिकॉर्ड बहुमत के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री बने। उस वक्त दिल्ली विधानसभा की 70 में से 67 सीटों पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। इससे पहले अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी 2013 के चुनावों में 28 सीट जीतने में कामयाब रही थी और चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। केजरीवाल को कांग्रेस का साथ मिला और उन्होंने 49 दिनों तक सरकार चलाई। और फिर इस्तीफा दे दिया। केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने 2019 दिल्ली विधानसभा में बहुमत हासिल की और एक बार फिर सरकार बनाई। आपकी जानकारी के लिए बता दें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की शादी उनकी दोस्त सुनीता के साथ हुई है। दोनों की मुलाकात आईआरएस की ट्रेनिंग के दौरान ही हुई और फिर दोनों में करीबियां बढ़ने लगी। इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने सुनीता को प्रपोज किया, ट्रेनिंग पूरी होने के बाद दोनों की पोस्टिंग दिल्ली में हुई। बाद में दोनों 13 नवंबर 1994 को शादी के बंधन में बंध गए।

 अखिलेश यादव

 अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव के सियासी विरासत को संभाल रहे हैं। 27 साल की उम्र में सांसद बने 38 साल में देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बने। अखिलेश ने साल 2000 में कन्नौज लोकसभा उपचुनाव को जीतकर अपनी राजनीतिक पारी का आगाज किया था। इसके बाद भी अखिलेश 2004 और 2009 में लगातार इस सीट से विजई रहे। 2009 में अखिलेश ने कन्नौज  के अलावा फिरोजाबाद सीट से भी जीत दर्ज की थी, लेकिन उन्होंने फिरोजाबाद संसदीय सीट से इस्तीफा दे दिया। 2012 के विधानसभा चुनावों में अखिलेश यादव ने पूरे उत्तर प्रदेश में यात्रा की और नतीजा ये रहा की पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वर्तमान में अखिलेश यादव आजमगढ़ सीट से लोकसभा सांसद है। उन्होंने 2019 में यह सीट बीजेपी के उम्मीदवार दिनेश लाल यादव ( निरहुआ) को हराकर अपने नाम की थी। बात अगर अखिलेश यादव के दांपत्य जीवन की करें तो, उन्होंने डिंपल यादव से शादी की है, अखिलेश यादव और डिंपल यादव की पहली मुलाकात लखनऊ में हुई थी। उस वक्त अखिलेश 21 और डिंपल 17 साल की थीं। दोनों की मुलाकात कॉमन फ्रेंड की पार्टी में हुई थी, इसके बाद अखिलेश यादव पढ़ाई के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया चले गए लेकिन वो डिंपल को खत लिखना नहीं भूलते थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद अखिलेश यादव ने दादी के माध्यम से डिंपल के बारे में परिवार वालों को बताया, शुरुआत में परिवार वाले शादी के लिए राजी नहीं थे। लेकिन बाद में दोनों के प्यार के आगे परिवार को झुकना पड़ा। अखिलेश यादव और डिंपल 24 नवंबर 1999 को शादी के बंधन में बंध गए।

 प्रियंका गांधी वाड्रा

 प्रियंका गांधी वाड्रा को पहली बार ध्यान से तब देखा गया था जब वह अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ पहली बार सार्वजनिक तौर पर दिखी थी। इसके बाद वह अपनी मां और भाई राहुल गांधी के लिए स्टार प्रचारक के रूप में काम करती रहीं। लेकिन इस बात पर संशय बना रहा कि वह कांग्रेस में कोई बड़ी जिम्मेदारी संभालेंगे या नहीं। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनावों से ठीक पहले उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव घोषित कर दिया गया। प्रियंका गांधी पर्दे के पीछे कांग्रेस की राजनीति में लंबे वक्त से सक्रिय रही हैं। लेकिन औपचारिक रूप से राजनीतिक मैदान में उतरने में उन्हें बहुत समय लगा। इस वक्त प्रियंका गांधी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने में जुटी हुई हैं। बात अगर प्रियंका गांधी शादी की करें तो, उनकी शादी रॉबर्ट वाड्रा के साथ 18 फरवरी 1997 को हुई थी। प्रियंका और रॉबर्ट की लव मैरिज थी, आपको बता दें कि, प्रियंका गांधी रॉबर्ट वाड्रा से जब पहली बार मिली थी उस वक्त वह 13 साल की थीं। रॉबर्ट वाड्रा उस वक्त 16 साल के थे। दोनों की मुलाकातें और दोस्ती कब प्यार में बदल गई पता ही नहीं चला। दोनों 18 फरवरी 1997 को शादी के बंधन में बंध गए।

 सचिन पायलट

 सचिन पायलट वर्ष 2004 में दौसा लोकसभा सीट से चुनाव जीते और गृह मामलों पर लोक सभा के स्थाई समिति के सदस्य बने। यह उनके सियासी सफर की शुरुआत भी थी, वर्ष 2006 में पायलट नागरिक उड्डयन मंत्रालय में सलाहकार समिति के सदस्य बने। 2009 में लोकसभा में उन्होंने अजमेर सीट पर जीत हासिल की और सूचना एवं संचार के राज्य मंत्री बने। वर्ष 2012 में सचिन पायलट को कॉरपोरेट मामलों का राज्य मंत्री बनाया गया 2014 तक वो इस पद पर रहे। 14 दिसंबर 2018 को सचिन पायलट को राजस्थान का उपमुख्यमंत्री घोषित किया गया। सचिन पायलट कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे राजेश पायलट के पुत्र हैं। सचिन पायलट जब विदेश पढ़ाई के लिए गए थे, उसी दौरान उनकी मुलाकात सारा अब्दुल्ला से हुई थी। मुलाकातें कब दोस्ती में और दोस्ती का प्यार में बदल गई दोनों को पता ही नहीं चला। पढ़ाई पूरी करने के बाद दोनों ने अपनी मोहब्बत का राज अपने परिवार वालों को बताया। लेकिन दोनों के धर्म अलग होने के कारण परिवार वालों ने शादी से इंकार कर दिया। लेकिन कहते हैं ना जो प्यार परिवार के विरोध के आगे झुक जाए फिर वह प्यार कैसा? सचिन और सारा ने परिवार के विरोध के बाद भी 2004 में शादी कर ली। आपको बता दें कि सारा अब्दुल्ला जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला की बेटी हैं।

 सुशील कुमार मोदी

 सुशील कुमार मोदी मुख्य रूप से छात्र संघ की सियासत से उपजे और सुशील मोदी जेपी आंदोलन में भी सक्रिय रहे इस आंदोलन में वह जेल भी गए। एक दौर था जब छात्र राजनीति में सुशील मोदी लालू प्रसाद यादव के साथ हुआ करते थे। बाद में दोनों की राहें अलग हो गईं। बिहार में 2015 में बनी राजद- जेडीयू और कांग्रेस की महा गठबंधन सरकार को गिराने के पीछे मुख्य खिलाड़ी सुशील मोदी को माना जाता है। मोदी लगातार लालू परिवार के खिलाफ बेनामी संपत्ति का आरोप लगाते रहे। वह लगातार सरकार पर हमलावर रहे, जिसका परिणाम यह हुआ कि जेडीयू महागठबंधन से अलग हो गया और 2017 में एक बार फिर एनडीए के साथ सरकार में आ गया। बीजेपी सांसद और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने जेस्सी जॉर्ज से शादी की है जेस्सी ईसाई परिवार से ताल्लुक रखती है दोनों एक दूसरे को ट्रेन में मिले थे। और 1987 में दोनों ने शादी कर ली।

प्रमुख खबरें

Misleading Claims पर FSSAI की बड़ी कार्रवाई, Dabur को 100% Natural टैग वाले उत्पाद वापस लेने का Order

Swiggy Instamart Expansion: 2031 तक 5 गुना ज्यादा Order Value का लक्ष्य, ₹10,000 करोड़ की कमाई पर टिका दांव

US Supreme Court के बड़े फैसले के बाद Amazon को मिला $600 Million रिफंड, ग्राहकों को भी होगा भारी फायदा

Luis Suarez की गैरमौजूदगी में Lionel Messi का जलवा, Inter Miami ने San Luis को 4-2 से रौंदा