Diwali पर MP में ₹14,000 करोड़ के कारोबार का अनुमान, CAIT ने जारी किया आकलन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 06, 2026

 मध्य प्रदेश में इस साल दिवाली के दौरान 12,000 करोड़ रुपये से 14,000 करोड़ रुपये तक का कारोबार होने का अनुमान है। व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) ने यह आकलन जताया है। सीएआईटी के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, दिवाली से पहले सात से 10 दिन के दौरान प्रदेश के बाजारों में खरीदारी में तेजी आने की उम्मीद है।

 सीएआईटी की भोपाल इकाई के अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने शुक्रवार को बयान में कहा कि स्वदेशी उत्पादों के प्रति बढ़ती रुचि, स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी को मिल रहे प्रोत्साहन और उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति में वृद्धि से इस साल दिवाली पर कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।

 उन्होंने कहा कि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों के अलावा सागर, रीवा, सतना, रतलाम, देवास, कटनी, छिंदवाड़ा और खंडवा सहित छोटे शहरों के बाजारों में भी अच्छी बिक्री होने की संभावना है। शर्मा ने कहा कि छोटे कस्बों एवं ग्रामीण बाजारों में भी कपड़े, किराना, मिठाइयों, पूजा सामग्री और घरेलू जरूरतों के सामान की खरीदारी से स्थानीय कारोबारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। 

सीएआईटी के क्षेत्रवार अनुमान के मुताबिक, कपड़ा एवं सिले हुए वस्त्रों के कारोबार में करीब 2,200 करोड़ रुपये, सोना-चांदी एवं आभूषणों में 2,000 करोड़ रुपये और वाहनों की बिक्री से 1,700 करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है। इसी तरह इलेक्ट्रॉनिक्स एवं घरेलू उपकरणों के क्षेत्र में 1,300 करोड़ रुपये, किराना एवं रोजमर्रा की उपभोक्ता वस्तुओं (एफएमसीजी) में 1,100 करोड़ रुपये तथा मिठाई एवं नमकीन के कारोबार में 900 करोड़ रुपये का अनुमान है। 

उपहार एवं घर की सजावट से जुड़े सामान में 800 करोड़ रुपये, पूजा सामग्री एवं सूखे मेवों में 650 करोड़ रुपये, पटाखों में 600 करोड़ रुपये, फर्नीचर एवं साज-सज्जा के सामान में 550 करोड़ रुपये और जूते-चप्पलों में 350 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से करीब 1,850 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। 

शर्मा ने कहा कि पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता, नियामकीय प्रावधानों और ग्रीन पटाखों की उपलब्धता के कारण इस साल पटाखों का कारोबार अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है। उन्होंने लोगों से दिवाली पर देश में निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने और स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे छोटे एवं मध्यम कारोबारियों को मजबूती मिलेगी, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

प्रमुख खबरें

झारखंड हाई कोर्ट ने रद्द की JSSC-CGL परीक्षा निरस्त करने की अधिसूचना

Budaun में पुरानी रंजिश के चलते अवधेश की हत्या, आरोपी मुनेन्द्र गिरफ्तार

Sanjeev Kumar Death Anniversary: दो National Award जीतने वाले अभिनेता Sanjeev Kumar का 47 की उम्र में हुआ था निधन

Mayurbhanj के KGBV स्कूल में छात्रा ने दिया बच्चे को जन्म, Headmistress निलंबित