मध्य प्रदेश: संक्रमण से परिवार में हुई मौत के गम में दो महिलाओं ने की आत्महत्या

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 23, 2021

रायसेन/ देवास (मप्र)। मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण परिवार में हुई मौत के गम में रायसेन एवं देवास जिलों में दो महिलाओं ने कथित रूप से आत्महत्या कर दी। पहली घटना में प्रदेश के रायसेन जिले में एक महिला ने कोरोना वायरस संक्रमण के कारण अपनी मां की मौत से दुखी होकर कथित रूप से चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रायसेन जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर औद्योगिक नगर मंडीदीप में बुधवार रात करीब आठ बजे के आसपास हुई।

इसे भी पढ़ें: ऑक्सीजन की कमी के कारण दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल 24 घंटे में 25 मरीजों की मौत

मंडीदीप पुलिस थाना प्रभारी कुँवर सिंह मुकाती ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच जारी है। पीड़िता के पिता रंजीत राय ने बताया , ‘‘वह अपनी मां के मरने के बाद से सदमे में थी। दो दिन से कुछ खा-पी नहीं रही थी। मां की मौत होने से वह बहुत ज्यादा परेशान थी, जिससे उसने यह कदम उठाया है।’’ वहीं, दूसरी घटना में प्रदेश के देवास में छह दिन के अंदर कोरोना वायरस से 75 वर्षीय एक महिला एवं उसके दो बेटों सहित एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। इससे दुखी होकर इस महिला की छोटी बहू ने बुधवार को कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक यह घटना अग्रवाल समाज, देवास के अध्यक्ष बालकिशन गर्ग के घर में हुई जिनकी खुद की तबीयत भी अत्यधिक खराब है। सूत्रों ने बताया कि सबसे पहले बालकिशन की पत्नी चंद्रकला (75) को संक्रमण हुआ और 14 अप्रैल को उनकी मौत हो गई, इसके ठीक दो दिन बाद उनके बड़े बेटे संजय (51) ने भी कोरोना के कारण दम तोड़ दिया, जबकि 19 अप्रैल को छोटे पुत्र स्वप्नेश (48) की भी कोरोना से मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक बालकिशन की छोटी बहू रेखा गर्ग (45) सास, पति एवं जेठ की मौत को सहन नहीं कर सकी, अवसाद की वजह से उसने बुधवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

बालकिशन के बड़े बेटे की पत्नी हादसे के चलते सदमे में है। नगर पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह चौहान ने बताया कि रेखा गर्ग द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमॉर्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। चौहान ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

प्रमुख खबरें

Delhi High Court ने Jagtar Singh Johal को UAPA के 7 मामलों में दी जमानत

Delhi Crime: राहुल गांधी ने महिला सुरक्षा पर अमित शाह को घेरा, उठाए सवाल

Tejas MK-1A की IAF को डिलीवरी इसी साल होगी शुरू, HAL ने तेज की तैयारी

Danam Nagender की विधायकी रद्द, Telangana High Court ने सुनाया फैसला