Mahadev App Scam: मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में, रायपुर CBI कोर्ट का आदेश

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक विशेष अदालत ने बृहस्पतिवार को छह हजार करोड़ रुपये के ‘महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप’ घोटाले के कथित सरगना सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। चंद्राकर के वकील तुषार गिरी ने संवाददाताओं को बताया कि आठ दिन की पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद, उसे विशेष न्यायाधीश (सीबीआई) मनोज कुमार सिंह ठाकुर की अदालत में पेश किया गया।

उन्होंने बताया कि सीबीआई ने पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग नहीं की, जिसके बाद अदालत ने चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस बीच,मामले में धनशोधन के कोण से जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सीबीआई की विशेष अदालत में एक अर्जी दाखिल कर चंद्राकर के खिलाफ पहले जारी किए गए गैर-जमानती वारंट पर अमल का अनुरोध किया। हालांकि, गिरी ने बताया कि अदालत ने इस अर्जी को खारिज कर दिया।

ईडी के वकील सौरभ कुमार पांडे ने कहा कि एजेंसी अब धन शोधन मामले में चंद्राकर की गिरफ्तारी के लिए अदालत में अर्जी दाखिल करेगी। चंद्राकर को इस महीने की शुरुआत में ओमान से भारत वापस लाया गया था। चार नवंबर को चंद्राकर को यहां सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) की विशेष अदालत में पेश किया गया था, जिसने उसे आठ दिनों के लिए केंद्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में भेज दिया था और पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाने की अनुमति दी थी।

सीबीआई के अनुसार, जांच में खुलासा हुआ है कि ‘महादेव ऑनलाइन बुक’ देश के सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट में से एक था। इसका संचालन कथित तौर पर भारत के बाहर से, ‘फ्रेंचाइजी पैनल’ और शाखाओं के एक नेटवर्क के जरिए किया जा रहा था। एजेंसी का आरोप है कि अवैध सट्टेबाजी से कमाई गई रकम को कई ‘म्यूल’ (अपराध से प्राप्त धन के हेरफेर के लिए इस्तेमाल खातें) बैंक खातों, अंतरण की जटिल प्रकिया के जरिये हवाला मार्ग से विदेश भेजा गया।

आरोप है कि इस कमाई का एक हिस्सा सरकारी अधिकारियों को रिश्वत के रूप में भी दिया गया, ताकि यह सिंडिकेट बिना किसी रुकावट के चलता रहे। ईडी महादेव ऐप से जुड़े कथित धनशोधन मामले की अलग से जांच कर रही है। यह मामला छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान सामने आया था।

ईडी ने पहले दावा किया था कि उसकी जांच में राज्य के कई बड़े नेताओं और नौकरशाहों की संलिप्तता का पता चला है। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के सत्ता में आने के बाद, ईडी की एक रिपोर्ट के आधार पर मार्च 2024 में राज्य की आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मामला दर्ज किया था। ईओडब्ल्यू द्वारा दर्ज प्राथमिकी में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल, ऐप प्रवर्तक रवि उप्पल, सौरभ चंद्राकर, शुभम सोनी और अनिल कुमार अग्रवाल के साथ-साथ 14 अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।

अगस्त 2024 में, राज्य सरकार ने कथित सट्टेबाजी ऐप घोटाले से जुड़े 70 मामलों (जो अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज थे) और ईओडब्ल्यू के एक मामले को सीबीआई को सौंप दिया। ईडी का अनुमान है कि इस कथित घोटाले में अपराध से हुई कमाई लगभग छह हजार करोड़ रुपये है। एजेंसी ने इस सिंडिकेट से जुड़ी भारत और विदेशों में कई संपत्तियों को जब्त किया है।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रहने वाले सौरभ चंद्राकर और सह-आरोपी रवि उप्पल ने कथित तौर पर ‘महादेव बुक ऐप’ का प्रचार किया और पैनल व शाखाओं के एक नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का संचालन किया।

प्रमुख खबरें

Farooq Abdullah ने की भारत-पाकिस्तान वार्ता की वकालत, बोले- सैन्य टकराव से नहीं निकलेगा समाधान

Pune में फर्जी CBI अफसर बनकर बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया, 22 लाख रुपये ठगे

Muzaffarpur Police ने 500 रुपये के 28 जाली नोट किए जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड में Harish Rawat बोले, 2027 में Congress सरकार बनाना लक्ष्य