व्हीलचेयर पर बैठकर ममता बनर्जी ने किया रोड शो, कहा- घायल बाघ और अधिक खतरनाक

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 14, 2021

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान घायल होने के करीब चार दिन बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने रविवार को व्हीलचेयर पर बैठकर अपनी पार्टी के एक रोड शो का नेतृत्व किया और कहा कि एक घायल बाघ और अधिक खतरनाक होता है। बनर्जी के साथ टीएमसी के वरिष्ठ नेता भी थे। बनर्जी हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रही थीं जबकि सुरक्षाकर्मी उनके व्हीलचेयर को पकड़ कर आगे बढ़ा रहे थे। बनर्जी ‘नंदीग्राम’ दिवस के मौके पर मायो रोड से हाजरा मोड़ तक पांच किलोमीटर लंबे रोडशो में शामिल हुईं। टीएमसी 14 मार्च को ‘नंदीग्राम दिवस’ के तौर पर मनाती है।

इसे भी पढ़ें: असम में मोदी लहर नहीं, भाजपा मेरा चेहरा दिखाकर हिंदू मतों के ध्रुवीकरण की कोशिश में: अजमल

तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया था कि यह ‘‘उनकी जान लेने का भाजपा का षड्यंत्र था।’’ चुनाव आयोग ने हालांकि इससे इनकार किया है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस नेता पर कोई हमला हुआ था। चुनाव आयोग ने यह बात आयोग के दो विशेष चुनाव पर्यवेक्षकों और राज्य सरकार द्वारा भेजी गई रिपोर्टों की समीक्षा के बाद कही। आयोग ने कहा कि बनर्जी को चोट उनके सुरक्षा प्रभारी की चूक के कारण लगी। उन्होंने कहा, ‘‘डॉक्टरों ने मुझे आज प्रचार के लिए बाहर नहीं जाने की सलाह दी। लेकिन मुझे लगा कि मुझे आज की रैली में शामिल होना चाहिए क्योंकि मेरी चोट के कारण हम पहले ही कुछ दिन गंवा चुके हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरा दर्द लोगों की पीड़ा से अधिक नहीं है, क्योंकि तानाशाही के जरिये लोकतंत्र को रौंदा जा रहा है।’’ बनर्जी कहा कि वह रविवार शाम में दुर्गापुर के लिए रवाना होंगी और सोमवार को दो रैलियों को संबोधित करेंगी।

टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने बनर्जी को ‘बंगाल की बेटी’ बताने वाले पोस्टर और तख्तियां पकड़ी हुई थीं। तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की और विधानसभा चुनाव में ‘बाहरी लोगों को हराने’ की अपील की। तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बनर्जी के पैर की चोट की ओर से इशारा करते हुए नारा लगाया, ‘‘भंगा पाये खेला होबे।’’ बनर्जी ने रोडशो के लिए पहुंचने से पहले ट्वीट किया, ‘‘हम बिना डरे लड़ाई जारी रखेंगे। मुझे अब भी बहुत दर्द है, लेकिन मुझे मेरे लोगों का दर्द इससे कहीं ज्यादा महसूस होता है। अपनी पवित्र भूमि की सुरक्षा करने की लड़ाई में, हमने बहुत कुछ सहन किया है तथा और सहन करेंगे लेकिन हम कायरता के आगे कभी नहीं झुकेंगे।

प्रमुख खबरें

World Cup से बाहर होकर छलका Bruno Fernandes का दर्द, बोले- बेहद दुखी, निराश और हताश हूं

World Cup Quarter Final से पहले England को तगड़ा झटका, दो मैच विनर खिलाड़ियों का खेलना मुश्किल!

डील कराने वाले कतर ने ही कर दी गद्दारी, ईरान ने फिर घुसकर मचाई तबाही

Smriti Mandhana ने रचा इतिहास, Lords में 300वां इंटरनेशनल मैच खेल सबसे युवा भारतीय महिला बनीं