दिल्ली में विवाहेतर संबंध के शक में पत्नी की हत्या करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 17, 2025

दिल्ली के जहांगीरपुरी में विवाहेतर संबंध के शक में पत्नी की हत्या कर शव को खुले नाले में फेंकने के आरोप में 31-वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। आरोपी विष्णु शर्मा को 14 नवंबर को महिला का शव बरामद होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था।

पुलिस ने बताया कि विष्णु आदतन अपराधी है और पहले भी तीन मामलों में शामिल रहा है। विष्णु को शक था कि उसकी पत्नी का विवाहेतर संबंध है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘चौदह नवंबर को शाम करीब 4.30 बजे यशपाल नामक व्यक्ति ने पुलिस को एक पीसीआर कॉल करके बताया कि एक महिला का शव नाले के पास पड़ा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और आंशिक रूप से डूबा हुआ एक महिला का शव बरामद किया।’’

प्रारंभिक जांच के दौरान विष्णु घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिस को बताया कि मृतक उसकी पत्नी श्वेता शर्मा थी। विष्णु ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसे लंबे समय से शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है, जिसके कारण दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘तेरह नवंबर को रात करीब नौ बजे दंपति के बीच फिर से तीखी बहस हुई, जिसके दौरान विष्णु शर्मा ने आपा खो दिया और घर के अंदर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद सबूत नष्ट करने के लिए विष्णु पत्नी का शव अपने कंधे पर उठाकर औद्योगिक क्षेत्र के पास एक खुले नाले में फेंककर भाग गया।’’

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपी अपनी पत्नी का शव नाले की ओर ले जाता दिखाई दे रहा है। बाद में विष्णु को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।

पुलिस ने बताया कि सत्यापन के दौरान विष्णु का आपराधिक इतिहास सामने आया, जिसमें आबकारी उल्लंघन और चोरी से जुड़ी पिछली तीन घटनाओं का खुलासा हुआ।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

Kashmir on High Alert Khamenei Killing | कश्मीर में कड़ा पहरा! खामेनेई की मौत पर भारी विरोध प्रदर्शन, सुरक्षा बलों के काफिले रोके गए

Chandra Grahan 2026: 3 मार्च को पूर्ण चंद्र ग्रहण, जानें सूतक काल में भोजन पकाने का सही समय और नियम

Indonesia Earthquake | सुमात्रा द्वीप में भूकंप के तेज झटके! रिक्टर स्केल पर 6.1 की तीव्रता, सुनामी का खतरा नहीं

Jamsetji Tata Birth Anniversary: जानें कैसे 21 हजार से खड़ा हुआ Tata Group, ये है Father of Indian Industry की कहानी