By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 28, 2022
इम्फाल। मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को पहले चरण का मतदान शुरू होने के करीब आधे घंटे के भीतर राज्यपाल ला गणेशन और मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में वोट डाला। इम्फाल पश्चिम जिले के सगोलबंद निर्वाचन क्षेत्र में टीजी उच्च माध्यमिक विद्यालय में बने मतदान केन्द्र में वोट डालने के बाद राज्यपाल गणेशन ने मणिपुर के सभी पात्र मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘ हमारा देश लोकतांत्रिक है और चुनाव लोकतंत्र का प्रतीक है। निर्वाचन अधिकारियों ने अच्छी व्यवस्था की है।’’ गणेशन को सगोलबंद सीट से मतदाता बनाया गया है। उन्हें इस महीने की शुरुआत में सीईओ द्वारा ईपीआईसी (चुनावी फोटो पहचान पत्र) कार्ड सौंपा गया था। इससे पहले वह चेन्नई के थ्यगाराया नगर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता थे।