By रितिका कमठान | May 09, 2025
भारत की सीमा पर पाकिस्तान के साथ तनाव देखने को मिल रहा है। इस तनाव की स्थिति का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी हो रहा है। शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार लाल निशान पर खुला है। शुरुआती कारोबार में ही निफ्टी 50 और सेंसेक्स में गिरावट हुई है।
निफ्टी 50 में 700 अंक और सेंसेक्स में 500 अंक की गिरावट आई है। ये गिरावट पाकिस्तान द्वारा गुरुवार रात को की गई गोलीबारी के बाद देखने को मिली है। पाकिस्तान के कदम का भारत ने भी जोरदार तरीके से जवाब दिया है। इस दौरान पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब में कई जगहों पर ड्रोन और मिसाइलें दागीं। लाल निशान पर शेयर बाजार कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन खुला है।
पाकिस्तान की थल सेना ने एलओसी और अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पार से भारत पर गोलीबारी की है। वहीं इस कदम के बाद शेयर बाजार पर भी इस तनाव का असर देखने को मिला। सुबह सेंसेक्स 600 अंक नीचे आ गया था और निफ्टी 50 में भी 190 अंक की गिरावट आई थी। वहीं पाकिस्तान के लिए गुरुवार का दिन काफी निराशाजनक साबित हुआ है। पाकिस्तान का शेयर बाजार इस दिन 6000 अंक नीचे गिर गया था।
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट की मानें तो भारत में बाजार में आई गिरावट के बाद भी रक्षा क्षेत्र के शेयर हरे निशान पर कारोबार कर रहे है। जानकारी के मुताबिक पारस डिफेंस में 3.52 प्रतिशत, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) में 1.6 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) में 2.28 प्रतिशत, जेन टेक्नोलॉजीज में लगभग 4.99 प्रतिशत और मझगांव डॉक में भी लगभग 0.85 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
भारत की ओर से जम्मू के उधमपुर और पठानकोट जैसे सैन्य ठिकानों पर हमले हुए थे। इसके बाद निफ्टी रक्षा इंडेक्स में 1.28 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। रक्षा से जुड़े शेयरों की कीमत बढ़ रही है।