Mehbooba Mufti ने Jammu के शिव मार्केट के पीड़ित दुकानदारों के लिए मांगी तुरंत आर्थिक मदद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 08, 2026

जम्मू, आठ नवंबर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने जम्मू रेलवे स्टेशन के पास शिव मार्केट में आग से प्रभावित दुकानदारों को आर्थिक सहायता देने में हो रही देरी पर रविवार को सवाल उठाए। उन्होंने सरकार से अपील की कि दुकानदारों को अपना कारोबार दोबारा शुरू करने के लिए जल्द से जल्द आर्थिक मदद दी जाए। शिव मार्केट में 25 अक्टूबर की रात भीषण आग लग गई थी।

इसकी चपेट में कम से कम 40 दुकानें आ गईं थीं और इस घटना में करोड़ों रुपये का माल जलकर नष्ट हो गया था। पिछले महीने आग में कई दुकानों के जलकर नष्ट होने के बाद महबूबा मुफ्ती नुकसान का जायजा लेने शिव मार्केट पहुंचीं। उन्होंने कहा, ‘‘यहां काफी नुकसान हुआ है।

ये छोटे दुकानदार हैं, कोई बड़े कारोबारी नहीं। इन्होंने कर्ज लेकर कारोबार शुरू किया है और पहले से ही कर्ज के बोझ तले दबे हैं। इनकी दुकानें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं।

मैं सरकार से तहे दिल से अपील करती हूं कि इन्हें अधिक से अधिक आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि ये अपनी दुकानें दोबारा बना सकें।’’ महबूबा शनिवार को जम्मू पहुंची थीं। लगातार पांचवीं बार पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के बाद शीतकालीन राजधानी जम्मू का यह उनका पहला दौरा है। उनका सोमवार को श्रीनगर लौटने का कार्यक्रम है।

शिव मार्केट के दौरे के दौरान महबूबा ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात की। उन्होंने उनके प्रति एकजुटता जताई और आग से हुए नुकसान पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुकानों में रखा सामान भी आग में जलकर नष्ट हो गया।

दुकानदारों ने ज्यादातर सामान उधार पर खरीदा था। ऐसे में अब उन्हें पुराने कर्ज चुकाने की चिंता भी सता रही है। पीडीपी नेता ने कहा, ‘‘ प्रभावित दुकानदारों को अपनी दुकानें दोबारा बनाने, उनमें फिर से सामान रखने और अपना रोजगार शुरू करने के लिए तुरंत आर्थिक सहायता की जरूरत है, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।’’ इसके बाद, महबूबा ने जम्मू के नरवाल इलाके में स्थित बेसहारा और जरूरतमंद बच्चों के लिए बने एक चैरिटेबल होम बालग्राम का दौरा किया।

यहां उन्होंने बच्चों के साथ दिवाली मनाई। वह करीब एक घंटे तक इस संस्थान में रहीं। इस दौरान उन्होंने दिवाली समारोह में हिस्सा लिया और बच्चों के साथ दोपहर का भोजन भी किया।

उन्होंने बच्चों और संस्थान के प्रबंधन से भी बातचीत की। प्रबंधन ने उन्हें संस्थान से जुड़े कई मुद्दों की जानकारी दी। इनमें संस्थान के पट्टे और बच्चों के कल्याण से जुड़े मामले शामिल थे।

प्रमुख खबरें

पंजाब में Crime Rate राष्ट्रीय औसत से कम, DGP Gaurav Yadav ने पेश किए NCRB आंकड़े

Tamil Nadu में TNKET योजना से टीबी मृत्यु दर में 38 फीसदी की गिरावट: BMJ रिपोर्ट

त्योहारों से पहले FSSAI का देशव्यापी एक्शन, 82 करोड़ रुपये का मिलावटी सामान जब्त

Rekha Gupta ने दिल्लीवासियों से सैनिकों और पुलिसकर्मियों के नाम एक दीया जलाने का किया आह्वान