National Flag का अपमान बर्दाश्त नहीं करती BJP, तिरंगे को उल्टा पकड़ने वाली Mehbooba Mufti की तस्वीर ही उल्टी कर दी

By नीरज कुमार दुबे | Aug 07, 2026

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने जब विरोध प्रदर्शन के दौरान तिरंगे को उल्टा पकड़कर विवाद खड़ा कर दिया, तो भाजपा ने सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर को ही उल्टा कर साझा कर दिया ताकि तस्वीर में तिरंगा सीधा दिखाई दे। भाजपा ने इसे राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि तिरंगा किसी राजनीतिक दल का प्रतीक नहीं, बल्कि पूरे देश के सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है, इसलिए उसके साथ किसी भी प्रकार की असावधानी या विवाद की कोई गुंजाइश नहीं हो सकती। इस घटनाक्रम ने जम्मू-कश्मीर की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

इसे भी पढ़ें: Mehbooba Mufti पर राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान का आरोप, Jammu में पुलिस शिकायत दर्ज

इसी बीच भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच पर महबूबा मुफ्ती की तस्वीर को उल्टा कर साझा किया, जिससे तस्वीर में तिरंगा सीधा दिखाई देने लगा। इसके साथ भाजपा ने लिखा कि तिरंगा कोई राजनीतिक उपकरण नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय का गौरव है और उसका सम्मान सर्वोपरि है। भाजपा की इस प्रतिक्रिया ने विवाद को और अधिक राजनीतिक रंग दे दिया।

विवाद बढ़ने के बाद जम्मू में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. नीरज शर्मा ने पक्का डंगा थाने में महबूबा मुफ्ती के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा पकड़ना राष्ट्रीय सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला है और इससे देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई तथा प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

दूसरी ओर, इसी घटनाक्रम के बीच महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती एक अन्य मामले में भी कानूनी कार्रवाई का सामना कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, चार अगस्त के विरोध प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी के साथ कथित मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का आरोप है कि झड़प के दौरान इल्तिजा मुफ्ती ने एक पुलिस अधिकारी को पकड़ लिया और उसे दांत से काटा, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने इल्तिजा को जांच में शामिल होने के लिए थाने बुलाया है।

वहीं पीडीपी ने इन आरोपों को राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा बताया है। पार्टी का कहना है कि पुलिस घायल इल्तिजा मुफ्ती से पूछताछ कर रही है, जो मानवीय दृष्टि से अनुचित है। पीडीपी का आरोप है कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल कर रही है, जबकि पुलिस का कहना है कि कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच होगी।

देखा जाये तो इन घटनाओं ने जम्मू-कश्मीर की राजनीति में महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती की भूमिका को लेकर नई बहस छेड़ दी है। भाजपा लगातार आरोप लगा रही है कि पीडीपी का नेतृत्व राजनीतिक विरोध के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं और राष्ट्रीय प्रतीकों को विवादों में घसीट रहा है। वहीं, पुलिसकर्मी के साथ कथित मारपीट के मामले ने भी इल्तिजा मुफ्ती को सीधे कानूनी विवाद के केंद्र में ला खड़ा किया है। हालांकि इन आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष न्यायिक और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा, लेकिन इतना स्पष्ट है कि हालिया घटनाओं ने महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी दोनों की राजनीतिक शैली को लेकर बहस को और तीखा कर दिया है।

प्रमुख खबरें

Relationship Tips: सेक्स के बारे में बार-बार सोचते हैं, लेकिन करने की इच्छा नहीं होती, क्यों?

Mekedatu Row: Tamil Nadu CM और Udhayanidhi में तीखी जुबानी जंग, सस्ती राजनीति का आरोप

Ashfaq ने World Athletics U20 में 400m राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा, सेमीफाइनल में प्रवेश

Australia ने ईरान की दो महिला फुटबॉलर को नागरिकता दी, मंत्री टोनी बर्क ने दिलाई शपथ