Mehbooba Mufti पर राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान का आरोप, Jammu में पुलिस शिकायत दर्ज

Prabhasakshi Image
प्रतिरूप फोटो
AI Image

श्रीनगर में प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर तिरंगा उल्टा पकड़ने के मामले में पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के खिलाफ जम्मू के पक्का डंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। सामाजिक कार्यकर्ता नीरज शर्मा ने पुलिस से मामले की जांच कर पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जम्मू, पांच अगस्त श्रीनगर में एक दिन पहले विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के लिए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए बुधवार को जम्मू में पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई। एक अधिकारी ने बताया कि पक्का डंगा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता नीरज शर्मा ने पुलिस से कार्रवाई शुरू करने की मांग की है, जिसमें प्राथमिकी दर्ज करना भी शामिल है। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती मंगलवार रात श्रीनगर में पीडीपी कार्यालय के बाहर केंद्र सरकार द्वारा अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए को निरस्त कर जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा हटाए जाने के विरोध में आयोजित धरने के दौरान कथित रूप से राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा पकड़ी हुई नजर आई थीं।

शर्मा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि घटना के वीडियो और तस्वीरों में महबूबा राष्ट्रीय ध्वज को इस तरह पकड़े हुए दिखाई दे रही हैं, जिसमें केसरिया पट्टी नीचे की ओर है। उन्होंने शिकायत में कहा, इससे न केवल राष्ट्रीय ध्वज का अपमान हुआ है, बल्कि देश के सभी राष्ट्रवादी लोगों की भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंची है। शिकायत में पुलिस से मामले की जांच कर कानून के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने और प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया गया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़