By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 20, 2026
भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी की पैरवी कर चुके आपराधिक मामलों के वकील विजय अग्रवाल पर लंदन में गिरफ्तारी के बाद यौन उत्पीड़न के चार आरोप लगाए गए हैं। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अग्रवाल एक जाने माने अधिवक्ता हैं और उन्हें पिछले सप्ताह मंगलवार को ब्रिटेन की राजधानी के महंगे ‘मेफेयर’ इलाके में स्थित एक संपत्ति से गिरफ्तार किया गया था।
अग्रवाल की सहायक मनप्रीत कौर को भी घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया था। उन पर यौन उत्पीड़न के अपराध को जानबूझकर बढ़ावा देने या उसमें सहायता करने के दो आरोप लगाए गए हैं। अदालत को बताया गया कि कथित अपराध मई और इस महीने की शुरुआत में हुए थे।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने एक बयान में कहा, “मंगलवार, 11 अगस्त को अधिकारियों ने मेफेयर के ब्रिक स्ट्रीट स्थित एक संपत्ति पर पहुंचकर यौन उत्पीड़न की शिकायतों के संबंध में कार्रवाई की।” पुलिस ने बताया, “57 वर्षीय एक व्यक्ति और 41 वर्षीय एक महिला को इन घटनाओं के संबंध में गिरफ्तार किया गया। ये घटनाएं कथित तौर पर मंगलवार, 26 मई और रविवार (नौ अगस्त) को हुई थीं।” पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर बृहस्पतिवार, 13 अगस्त को आरोप लगाए गए और उसी दिन उन्हें वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें हिरासत में भेज दिया और 10 सितंबर को साउथवार्क क्राउन कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया।