RSS प्रमुख Mohan Bhagwat बोले, सेवा कोई पेशा नहीं समाज के प्रति जिम्मेदारी है

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को कहा कि करुणा और संवेदनशीलता ही मानवता और समाज की बुनियाद हैं तथा उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लोगों को बिना किसी अपेक्षा के दूसरों की सेवा करनी चाहिए। भागवत ने डॉ. संजय पैठणकर को विदर्भ गौरव पुरस्कार प्रदान करने के बाद अपने संबोधन में कहा, ‘‘सेवा कोई पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। हम केवल अपनी आजीविका कमाने के लिए काम नहीं करते, बल्कि यह सुनिश्चित करने के लिए भी काम करते हैं कि दुनिया सुचारू रूप से चलती रहे।

संवेदनशीलता के महत्व पर जोर देते हुए भागवत ने कहा कि किसी संकट में फंसे व्यक्ति की मदद करना, चाहे उससे हमारा कोई व्यक्तिगत संबंध हो या नहीं, मानवता की स्वाभाविक अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा, ‘‘किसी व्यक्ति से हमारा कोई रिश्ता हो या न हो, अगर कहीं कोई दुखी है या तकलीफ में है तो हमें उसका दुख दूर करने के लिए अपनी ओर से जो भी संभव हो, करना चाहिए। ऐसा करते समय हमें यह महसूस नहीं करना चाहिए कि हम कोई असाधारण काम कर रहे हैं।

यही मानवता की पहचान है।’’ भागवत ने कहा कि पुरस्कार लोगों को समाजसेवा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से नहीं दिए जाते, क्योंकि सम्मानित किए गए लोगों ने कभी किसी पुरस्कार या सम्मान की अपेक्षा से काम नहीं किया था। उन्होंने कहा, ‘‘पुरस्कार उनके काम का सम्मान करने और उन्हें इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने के वास्ते दिया जाता है। पुरस्कार शब्द का अर्थ भी किसी चीज को आगे बढ़ाना है।’’ उन्होंने बताया कि इस शब्द का अर्थ पारितोषिक और प्रोत्साहन भी है।

समाज सेवा में जुटे लोगों को सम्मानित करना उनके योगदान की सराहना करने और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करने का एक तरीका है। भागवत ने कहा कि करुणा मानवीय संवेदनशीलता की अभिव्यक्ति है और समाज केवल आर्थिक समृद्धि के बल पर नहीं, बल्कि इसी संवेदनशीलता के सहारे कायम रहता है। उन्होंने कहा, ‘‘समाज करुणा और संवेदनशीलता के बल पर जीवित रहता है।

यदि यह संवेदनशीलता बनी रहती है तो समाज भी बना रहेगा। यदि यह खत्म हो गई तो मानवता ही समाप्त हो जाएगी।’’ भागवत ने कहा कि काम को लेकर भारतीय सोच उस धारणा से अलग है, जिसमें किसी पेशे को केवल पैसा कमाने के साधन के रूप में देखा जाता है। लोगों को अपने-अपने व्यवसाय और पेशे से जुड़े दायित्व निभाने के साथ-साथ पारिवारिक जिम्मेदारियां पूरी करनी चाहिए और समाज के प्रति भी अपना योगदान देना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘हम जो काम करते हैं, उससे आजीविका कमाना उसका केवल एक अतिरिक्त परिणाम है। इसका वास्तविक उद्देश्य समाज की सेवा करना है।’’ उन्होंने कहा कि ‘धर्म’ की अवधारणा मानवता और भाईचारे से जुड़ी है तथा इसके मूल गुण सत्य, करुणा, पवित्रता और आत्मसंयम हैं। भागवत ने कहा, ‘‘मानवता ही धर्म है।

भाईचारा ही धर्म है।’’ उन्होंने कहा कि लोगों को इस भावना के साथ जीना चाहिए कि ईश्वर उनके भीतर भी मौजूद हैं और दूसरों के भीतर भी। इससे स्वाभाविक रूप से आपसी जुड़ाव और करुणा की भावना पैदा होगी। इस संदर्भ में उन्होंने एक शिष्य का प्रसंग सुनाया, जिसे उसके गुरु ने ऐसी जगह जाकर फल खाने के लिए कहा था, जहां उसे कोई देख न सके।

शिष्य फल खाए बिना लौट आया। उसने बताया कि उसे ऐसी कोई जगह नहीं मिली, क्योंकि उसका मानना था कि ईश्वर हर जगह मौजूद हैं और उसके अपने भीतर भी हैं। भागवत ने कहा कि यह भावना व्यक्ति को दूसरों से जोड़ती है और बिना किसी लाभ की अपेक्षा किए उनकी सेवा करने के लिए प्रेरित करती है।

प्रमुख खबरें

फ्लाइट का किराया ₹49,000 के पार, एक बाथरूम में 10 सवार! छठ पूजा पर 18 हजार ट्रेनों में आप भी जरूर करें अमृतकाल का अमृत सफर

Kochi Car Accident Case: पुलिस ने जज के 17 वर्षीय बेटे का बयान दोबारा दर्ज किया

Indian Women Hockey Team में कई पोजीशन पर खेल सकने वाले खिलाड़ी तैयार कर रहे Sjoerd Marijne

PM Modi बोले, भारत के प्रयासों से Yoga को मिली वैश्विक पहचान