By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 16, 2022
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने एक बार कहा था कि ‘‘दिल्ली से एक रुपया भेजा जाता है तो लाभार्थी तक 15 पैसे ही पहुंचते हैं लेकिन भाजपा सरकार में पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंच रहा है।’’ मौर्य ने यहां उत्तर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, जिस समय कांग्रेस सत्ता में थी, उस समय पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि अगर दिल्ली से एक रुपया भेजा जाता है, तो लाभार्थी को 15 पैसे मिलते हैं. समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के शासनकाल में आवास योजनाएं लागू की गईं, तो यह भ्रष्टाचार की भेट चढ़ जाती।
उनहोंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस कष्ट से देश के तीन करोड़ लोगों को मुक्ति दिलाई, जो बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा, ‘‘कोरोना महामारी के दौरान लोगों के पास रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था। इसको ध्यान में रखते हुए मुफ्त राशन का वितरण शुरू किया गया। इसके माध्यम से पूरे देश में 244 लाख मीट्रिक टन खाद्यान राज्यों को आवंटित किया गया है, जिसे लोगों को बांटा जा रहा है। पूरे देश में 80 करोड़ लोगों को और उत्तर प्रदेश में 14 करोड़ से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल रहा है।’’
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तो लोगों को राशन की डबल डोज मिल रही है, साथ ही तेल, दाल और नमक भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय कार्ड धारकों को एक किलोग्राम चीनी भी मुफ्त दी जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘एक देश, एक राशन कार्ड’ योजना के तहत पूरे देश में 10 फीसदी लोगों ने दूसरी जगह से राशन लिया है। उन्होंने प्रयागराज में पांच लोगों की हत्या पर शोक प्रकट किया और परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।