चातकों की मानसून (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Jun 21, 2025

बरसात का मौसम स्वार्थी इंसान को प्रबंधन सीखने को बार बार प्रेरित करता है लेकिन खुद को विकास के सीमेंट में नाक तक दबा चुके इंसान को पता नहीं चल रहा कि अब क्या करे। हर बरस शासन और प्रशासन के प्रबंध ध्वस्त होते रहे हैं। कई साल पहले से देश के मौसम विज्ञानी मानसून की उलझी गुत्थी सुलझाने के लिए पक्षियों को पटाने की कोशिश करते रहे हैं। निश्चित रूप से यह वैसा ही है खुद अपना स्वास्थ्य बिगाड़कर पारम्परिक इलाज की शरण में जाएं। भुलाए जा चुके चातक पक्षियों को फुसलाकर उनके शरीर पर अत्याधुनिक ट्रांसमीटर चिपका कर कोशिश कर रहे हैं ताकि चालाक इंसान को उनके प्रवास का पता चलता रहे। 

इसे भी पढ़ें: भौंकता है, पर काटता नहीं (व्यंग्य)

वक़्त ने करवट ली है इस बार तो मानसून ने भी पुरानी रिवायतें तोड़ दी हैं। प्रकृति के बच्चे चातक पक्षी समझा सकते हैं कि मानसून के साथ प्रकृति का क्या पारम्परिक व सांस्कृतिक सम्बन्ध है। इस साल आशंकित बाढ़ का पानी, वफ़ादारी की मानसून को फिर ढूंढेगा। बरसों पहले एक सरकारी बजट में वफादारी के लिए जाने जाने वाले कुत्तों को खिलाए जाने वाले बिस्कुट सस्ते किए गए थे, लगता है फिर से वैसा करने की ज़रूरत है। उन बिस्कुटों को ज्यादा आकर्षक, स्वादिष्ट, सुरक्षित घोषित कर बिगड़े हुए इंसान को नियमित समय पर खिलाए जाने चाहिए ताकि कुदरत के प्रति वफादारी की संभावनाएं इंसानी शरीर में पुन पनप सके। होशियार आदमी पानी का उचित प्रबंधन करना ही नहीं चाहता। उसके सामने बाढ़ होती है और वह स्वार्थों की आड़ में छिपा रहता है। चातक इंसान को मानसून प्रबंधन में सहयोग करेगा तो निश्चित ही अगली इंसानी परियोजना यह होगी कि ऐसा कौन सा पक्षी है जो स्पष्ट उपाय बता सके कि बाढ़ को आने से कैसे रोका जा सकता है क्यूंकि इंसान द्वारा किए जा रहे सभी उपाय हमेशा बाढ़ में बहते रहे हैं। लगता है तकनीक और विज्ञान ज्यादा हो रहा है तभी पक्षियों से सीखने के दिन आ गए हैं।

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

TMC विधायक Kunal Ghosh ने कोलकाता में विरोधी गुट के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भाग लिया

IAS D Sajith Babu बने केरल के नए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, ECI ने नाम को दी मंजूरी

Ankita Bhandari के परिजनों से मिले Rahul Gandhi, BJP पर लगाया अपराधियों को बचाने का आरोप

Karnataka मुठभेड़ में 3 संदिग्ध शिकारी ढेर, CM ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश