Lucknow Building Collapse । हादसे में 28 से ज्यादा लोग घायल, आठ मौतों की पुष्टि

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 08, 2024

लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर में शनिवार शाम करीब पांच बजे तीन मंजिला इमारत ढहने की घटना में तीन और लोगों की मौत के साथ इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। हादसे में 28 लोग घायल भी हुए हैं। उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त जीएस नवीन कुमार ने रविवार को बताया कि बचाव अभियान के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने तीन और लोगों-राज किशोर (27), रुद्र यादव (24) और जगरूप सिंह (35) के शव बरामद किए। इसके साथ ही इस हादसे में मरने वालों की तादाद बढ़कर आठ हो गई।

इसे भी पढ़ें: Bihar में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल, 41 IAS Officers का तबादला

अधिकारियों के अनुसार, इस इमारत का इस्तेमाल गोदाम के तौर पर किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि इमारत के भूतल में एक मोटर वर्कशाप और एक गोदाम था, जबकि प्रथम तल पर एक मेडिकल गोदाम, जबकि दूसरे तल पर एक कटलरी गोदाम था। मेडिकल गोदाम में काम करने वाले और इस दुर्घटना में घायल आकाश सिंह ने बताया, “बारिश की वजह से हम लोग उतरकर भूतल पर आ गए थे। हमने देखा कि इमारत के एक खंभे में दरार आ गई है। अचानक, पूरी इमारत हमारे ऊपर गिर गई।”

घायलों के मुताबिक, इमारत में काम करने वाले ज्यादातर लोग घटना के समय भूतल पर मौजूद थे। जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बचाव कार्य अब यह सुनिश्चित करने पर केंद्रित है कि कोई भी मलबे में दबा न हो। राहत आयुक्त कुमार ने कहा कि एनडीआरएफ और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के बचाव दल को राहत कार्य में लगाया गया है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रही हैं।

इसे भी पढ़ें: गुरुग्राम पुलिस ने 77 लाख रुपये के साइबर धोखाधड़ी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया

रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने इस घटना के बारे में जिला मजिस्ट्रेट से बात की और राहत कार्यों एवं घायलों के इलाज से जुड़ी जानकारी ली। राजनाथ ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर लिखा, “इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और वह बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों का निःशुल्क इलाज सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है। इस घटना की सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

प्रमुख खबरें

Srinagar में ड्रग्स तस्करी गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, आठ गिरफ्तार और करोड़ों की संपत्ति जब्त

RG Kar Case: साक्ष्य मिटाने की जांच भी अब करेगी CBI, Calcutta High Court का आदेश

Ayodhya Ram Mandir के सभी कर्मचारियों का Police सत्यापन और चरित्र प्रमाणपत्र अनिवार्य

Kotdwar में व्यापारी से अभद्रता और धमकी के आरोप में जिम संचालक दीपक गिरफ्तार