पीएम मोदी के निमंत्रण पर नफ्ताली बेनेट 2 अप्रैल को आएंगे भारत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 20, 2022

यरुशलम,  इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने भारत-इजरायल संबंधों को परस्पर सराहना और सार्थक सहयोग’’ पर आधारित बताते हुए कहा कि वह दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 30वीं वर्षगांठ के अवसर पर अप्रैल के पहले सप्ताह में भारत का दौरा करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच नवाचार और प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और साइबर और कृषि एवं जलवायु परिवर्तन के क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करना है। इजरायल के प्रधानमंत्री के विदेश मीडिया सलाहकार ने एक बयान में कहा, प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर शनिवार, दो अप्रैल 2022 को भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा करेंगे।

मीडिया सलाहकार ने कहा, यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक गठबंधन को आगे बढ़ाना और मजबूत करना एवं द्विपक्षीय संबंधों का विस्तार करना है। इसके अलावा, दोनों नेता नवाचार, अर्थव्यवस्था, अनुसंधान एवं विकास, कृषि तथा अन्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। बेनेट अपनी यात्रा के दौरान अपने भारतीय समकक्ष, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और स्थानीय यहूदी समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। बयान में कहा गया है कि यात्रा का पूरा कार्यक्रम और अतिरिक्त विवरण अलग से जारी किया जाएगा। बेनेट ने प्रेस बयान में कहा, मैं अपने मित्र, प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा को लेकर खुश हूं और साथ में हम अपने अपने देशों के संबंधों को आगे की दिशा में बढ़ाते रहेंगे।

उन्होंने कहा, मोदी ने भारत और इजराइल के बीच संबंधों की फिर से शुरुआत की और इसका ऐतिहासिक महत्व है। हमारी दो अनूठी संस्कृतियों - भारतीय संस्कृति और यहूदी संस्कृति के बीच संबंध गहरे हैं और वे अगाध सराहना एवं सार्थक सहयोग पर आधारित हैं। इजरायल के प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा, हम भारतीयों से कई चीजें सीख सकते हैं और यही हम करने का प्रयास करते हैं। साथ में हम नवाचार और प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और साइबर, कृषि और जलवायु परिवर्तन के अलावा अन्य क्षेत्रों में अपने सहयोग का विस्तार करेंगे।

प्रमुख खबरें

दुनिया के आगे एक नया खतरा, भयंकर जंग शुरू होते ही रूस ने ईरान में उतारा खतरनाक विमान!

CBSE का बड़ा ऐलान: NEP के तहत Class 10 में तीसरी भाषा का असेसमेंट अनिवार्य

Sui-Dhaga Earrings के साथ पाएं Elegant Look, इन Fashion Tips से हर महफिल में दिखें सबसे जुदा

लॉर्ड्स में भारतीय महिला टीम की ऐतिहासिक जीत से गदगद हुईं शांता रंगास्वामी, BCCI से की लाल गेंद क्रिकेट को बढ़ावा देने की मांग