By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 04, 2026
मेरठ, तीन अगस्त राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने सोमवार को बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर रात 10 बजे अंतिम ट्रेन के रवाना होने तक 1.50 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया। एनसीआरटीसी ने बताया कि इससे पहले का रिकॉर्ड आठ जून 2026 को बना था, जब करीब 1.25 लाख यात्रियों ने नमो भारत सेवा का उपयोग किया था और सोमवार को यह रिकॉर्ड टूटने की संभावना है। इस बीच, कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के कई स्टेशनों पर चार से 12 अगस्त तक कुछ प्रवेश एवं निकास द्वार तथा संबंधित पार्किंग सुविधाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।
एनसीआरटीसी ने यात्रियों से संबंधित स्टेशनों पर उपलब्ध वैकल्पिक प्रवेश और निकास द्वारों का उपयोग करने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। निगम ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद भी जताया।