By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 19, 2026
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को शनिवार को एक यहां की एक अदालत ने तीन अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। प्रधान को हत्या समेत कई आरोपों में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें हल्दिया अनुमंडलीय अदालत में पेश किया गया।
प्रधान की ओर से पेश एक वकील ने कहा, ‘‘अदालत ने नंदीग्राम थाने में दर्ज मामलों से जुड़े तीन वारंट के संबंध में मिलन प्रधान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। खेजुरी पुलिस थाने में दर्ज मामलों से जुड़े चौथे वारंट के संबंध में उन्हें सोमवार को कांथी अदालत में पेश किया जायेगा।’’ प्रधान को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने छह अक्टूबर को होने वाले नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस को अपनी पार्टी का समर्थन देने की घोषणा की थी, क्योंकि उनके धड़े के उम्मीदवार ने चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया था। कांग्रेस और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले विपक्ष को निशाना बनाने के लिए इस मामले का इस्तेमाल किया जा रहा है।
भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह गिरफ्तारी एक लंबित आपराधिक मामले से संबंधित है।