By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 25, 2022
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली का महत्वपूर्ण सत्र प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किये बिना ही स्थगित कर दिया गया। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नेशनल असेंबली के अध्यक्ष असद कैसर ने कहा कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के सांसद खयाल जमन के निधन के चलते सत्र को 28 मार्च शाम चार बजे तक के लिये स्थगित किया जाता है। नेशनल असेंबली में नेता प्रतिपक्ष शाहबाज शरीफ, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो, सह-अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी समेत कई प्रभावशाली विपक्षी सांसद बहुप्रतीक्षित सत्र में भाग लेने के लिये शुक्रवार को संसद में मौजूद थे। विपक्षी नेताओं ने सत्र स्थगित करने को लेकर विरोध प्रकट किया।
असेंबली के अध्यक्ष कैसर ने जैसे ही सत्र स्थगित किया, विपक्षी नेता विरोध प्रकट करने लगे। उन्होंने अध्यक्ष से प्रस्ताव पेश करने की अनुमति मांगी, लेकिन उन्होंने उनकी बात नहीं सुनी और अपने कक्ष की ओर चले गए। स्पीकर ने कहा कि अगले सत्र में अविश्वास प्रस्ताव लाने पर फैसला लिया जाएगा।नियमों के अनुसार प्रस्ताव नेशनल असेंबली के समक्ष रखे जाने के कम से कम तीन से सात दिन के बीच उसपर मतदान होना चाहिये।