नवीन कुमार जिंदल के आवास पर पंजाब पुलिस की दस्तक, भाजपा नेता ने केजरीवाल पर किए ताबड़तोड़ हमले, बताया 'हिंदू विरोधी'

By अनुराग गुप्ता | Apr 09, 2022

नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के प्रवक्ता नवीन कुमार जिंदल ने शनिवार को एक बार फिर से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्हें 'हिंदू विरोधी' करार दिया है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को जब से पंजाब की सत्ता मिली है तब से उन्होंने भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के पीछे पंजाब पुलिस को लगा दिया है। भाजपा नेता ने कहा कि सुनो हिंदू विरोधी अरविंद केजरीवाल पंजाब पुलिस राज्य की जनता की सेवा करने के लिए है ना कि आपके हाथों की कठपुतली। सत्ता का दुरुपयोग करके आप मेरी आवाज को दबा नहीं सकते, आपके हिंदू विरोधी चेहरे को जनता पहचान चुकी है। 

अरविंद केजरीवाल का एक कथित फर्जी वीडियो शेयर करने के मामले में पंजाब पुलिस ने भाजपा नेता नवीन कुमार जिंदल के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस वीडियो में अरविंद केजरीवाल को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि केजरीवाल अब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और मंत्रियों के साथ-साथ विधायकों से भी भ्रष्टाचार का पैसा लेते हैं।

कथित फर्जी वीडियो में केजरीवाल कह रहे हैं कि पहले मुख्यमंत्री तक पैसा पहुंचता था, निचले स्तर के लोगों को पैसा लेने की सुविधा के लिए पूरी व्यवस्था बनाई गई थी। सभी विभागों, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों से एकजुट किया गया और पैसा ऊपर तक भेजा जाता था। अब हमारे भगवंत मान पैसा लेते हैं, मैं पैसा लेता हूं और हमारे विधायक और सदस्य भी पैसे लेते हैं। पंजाब में राजस्व विभाग के अधिकारियों की एक बैठक हुई थी। निचले स्तर पर पैसे लो या इसे ऊपर भेजो। 

इसे भी पढ़ें: हरियाणा के मंत्री ने पंजाब सरकार पर की टिप्पणी तो आगबबूला हुए AAP विधायक ! बोले- हम भ्रष्टाचार नहीं, शासन करना जानते हैं 

भाजपा नेता ने इस वीडियो को साझा करते हुए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था। जसके बाद उन्होंने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल ने पंजाब पुलिस को मुझे गिरफ्तार करने के लिए भेजा है। नवीन कुमार जिंदल ने ट्विटर पर पंजाब पुलिस की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने पंजाब पुलिस को प्राइवेट कार PB02DQ1204 मेरे घर भेजा है मुझे गिरफ्तार करने। लेकिन मैं अरविंद केजरीवाल को आज फिर बताना चाहता हूं कि मैं उससे डरने वाला नहीं हूं। जनता को उसका सच बताकर ही रहूंगा।

भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख आदेश गुप्ता ने पंजाब पुलिस की तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कोई भी मुंह खोलेगा तो उनके पास हथियार के तौर पर पंजाब पुलिस है। इस दौरान उन्होंने तेजिंदर सिंह बग्गा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बग्गा के घर के बाहर भी पंजाब की पुलिस आई थी, उन पर दोष था कि उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से इनके भ्रष्टाचार की पोल खोली थी।

प्रमुख खबरें

Kusal Mendis ने England के खिलाफ 82 गेंदों में पूरा किया ODI शतक, बनाए कई रिकॉर्ड

Daiichi मामले में Fortis Healthcare को Supreme Court से झटका, फॉरेंसिक ऑडिट का आदेश बरकरार

Asian Games Archery: Dhiraj Bommadevara की अगुवाई में भारतीय दल करेगा अभियान का आगाज

South Africa ने पहले ODI में Australia को 67 रन से हराया, Matthew Breetzke का शतक