By अजय कुमार | Nov 18, 2024
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर समाजवादी पार्टी का पोस्टर चर्चा का विषय बन गया है। सपा के पूर्व प्रमुख नेताजी मुलायम सिंह यादव की जयंती पर यह पोस्टर लगाया गया है। होर्डिंग में मुलायम की तस्वीर को देखकर बीजेपी के कार्यकर्ता हैरान रह गए। हालांकि, कहा जा रहा है कि यह होर्डिंग मुलायम की बहू और बीजेपी नेता अपर्णा यादव ने लगवाई क्योंकि होर्डिंग में अपर्णा यादव की भी तस्वीर है।
दरअसल, यूपी की 9 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को उपचुनाव है. इससे पहले यहां पोस्टर्स और नारे को लेकर जमकर राजनीति हो रही है। हाल के कुछ दिनों में लखनऊ की सड़कों पर जमकर पोस्टर्स वार देखने को मिले हैं।
उत्तर प्रदेश की जिन नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं, उनमें अंबेडकरनगर की कटेहरी, मैनपुरी की करहल, मिर्जापुर की मझवां, कानपुर की सीसामऊ, प्रयागराज की फूलपुर, मुजफ्फरनगर की मीरापुर, अलीगढ़ की खैर, मुरादाबाद की कुंदरकी और गाजियाबाद सीट शामिल हैं।