By अनुराग गुप्ता | Jun 19, 2021
नयी दिल्ली। देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने हाहाकार मचाया हुआ था लेकिन अब संक्रमण की दर में लगातार गिरावट देखी जा सकती है। इसी गिरावट को दर्शाते हुए केंद्र सरकार ने हिन्दुस्तान का एक नक्शा साझा किया है। इस नक्शे में बताया गया है कि किस राज्य में संक्रमण दर कितनी है।
केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए नक्शे के मुताबिक देश में राष्ट्रीय औसतन नए मामलों में वृद्धि -5.05 फीसदी है। कुछ राज्यों को छोड़ दिया जाए तो नक्शे से साफ पता चलता है कि कोरोना वायरस के मामलों में गिरावट आ चुकी है। MyGovIndia के ट्विटर हैंडल से कोरोना वायरस में गिरावट वाला नक्शा साझा किया गया है। जिसमें कहा गया है कि COVID-19 को हराने की भारत की कोशिशें अब रंगों में दिखाई देने लगे हैं! यहां राज्यवार आंकड़े दिए गए हैं जो औसत दैनिक नए मामलों में गिरावट दिखा रहे हैं।
नक्शे में राज्यों की स्थिति को दर्शाने के चार रंगों का सहारा लिया गया है। हरा रंग (नकारात्मक वद्धि), पीला रंग (0-10 फीसदी), संतरा रंग (10-20 फीसदी) और लाल रंग (20 फीसदी से ज्यादा) से दर्शाया गया है।
उल्लेखनीय है कि भारत में एक दिन में कोविड-19 के 60,753 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,98,23,546 हो गई। वहीं, 1,647 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 3,85,137 हो गई।