Prabhasakshi NewsRoom: India के खिलाफ Pakistan ने रची नई साजिश, Bangladesh की धरती से हमला करने की तैयारी में जुटा Lashkar-e-Taiba

By नीरज कुमार दुबे | Nov 10, 2025

ताज़ा खुफिया जानकारी ने भारत की सुरक्षा एजेंसियों को चिंतित कर दिया है। रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान में सक्रिय आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) अब भारत पर हमलों के लिए बांग्लादेश को नए लॉन्चपैड के रूप में विकसित करने की कोशिश में है। बताया जा रहा है कि यह योजना अंतरराष्ट्रीय आतंकी हाफ़िज़ सईद के नेतृत्व में चल रही है। हम आपको बता दें कि यह खुलासा एक वीडियो रिकॉर्डिंग से हुआ है, जो 30 अक्टूबर को पाकिस्तान के खैरपुर तमीवाली में हुई एक रैली का है। इस रैली में लश्कर के वरिष्ठ कमांडर सैफुल्लाह सैफ ने खुलकर कहा कि “हाफ़िज़ सईद चुप नहीं बैठा है; वह बांग्लादेश के रास्ते भारत पर हमला करने की तैयारी कर रहा है।” उसने दावा किया कि लश्कर के कार्यकर्ता पहले से ही “पूर्वी पाकिस्तान यानी बांग्लादेश” में सक्रिय हैं और वे “ऑपरेशन सिंदूर” का जवाब देने के लिए तैयार हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, हाफिज सईद ने अपने एक विश्वस्त सहयोगी को बांग्लादेश भेजा है, जिसका काम वहां के युवाओं को “जिहाद” के नाम पर उकसाना और आतंकवादी प्रशिक्षण देना है। वीडियो में सैफुल्लाह को खुलेआम भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने का आह्वान करते देखा गया। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि उस कार्यक्रम में बच्चे भी मौजूद थे, जिससे यह स्पष्ट है कि आतंकी संगठन नाबालिगों को भी ‘जिहाद’ के नाम पर ब्रेनवॉश करने की कोशिश में हैं।

इसे भी पढ़ें: भारत हर स्थिति के लिए तैयार है: राजनाथ सिंह का पाक के परमाणु परीक्षण दावे पर कड़ा जवाब

सैफुल्लाह सैफ ने यह भी कहा कि पाकिस्तान की सेना भारत की कार्रवाई यानि “ऑपरेशन सिंदूर” का जवाब दे चुकी है। उसने यह भी दावा किया कि “अब अमेरिका हमारे साथ है और बांग्लादेश फिर से पाकिस्तान के करीब आ रहा है।” इस बयान से यह संकेत मिलता है कि लश्कर न केवल आतंकवादी मोर्चे पर बल्कि भू-राजनीतिक प्रचार युद्ध में भी सक्रिय है। भारत की खुफिया एजेंसियों ने इस जानकारी को बेहद गंभीरता से लिया है और अब बांग्लादेश सीमा से होने वाली घुसपैठ पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

देखा जाये तो भारत की सुरक्षा व्यवस्था के सामने यह खबर एक बहुआयामी खतरे की घंटी के समान है। अब तक भारत की आतंकवाद-रोधी रणनीति का प्रमुख फोकस पश्चिमी सीमा यानी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पंजाब सीमा पर रहा है। किंतु इस ताज़ा खुलासे से यह स्पष्ट है कि लश्कर-ए-तैयबा अब भारत के पूर्वी छोर, यानी बांग्लादेश की दिशा में एक नया आतंकवादी मोर्चा खोलने का प्रयास कर रहा है। यह रणनीतिक बदलाव केवल एक आतंकवादी चाल नहीं, बल्कि पाकिस्तान की राज्य-प्रेरित भू-राजनीतिक नीति का विस्तार है। पाकिस्तान लंबे समय से भारत के भीतर अस्थिरता फैलाने के लिए प्रॉक्सी वार का सहारा लेता आया है। जब पश्चिमी सीमा पर भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई और कूटनीतिक दबाव से उसकी गतिविधियाँ सीमित हुईं, तब उसने अब एक नया ‘पूर्वी गलियारा’ तलाशने की कोशिश की है। हम आपको याद दिला दें कि हाल ही में बांग्लादेश की राजधानी ढाका में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का प्रकोष्ठ स्थापित करने की घोषणा की गयी थी। यह बात तब सामने आई थी जब पाकिस्तानी सेना के एक शीर्ष जनरल ने कुछ समय पहले बांग्लादेश का दौरा किया था।

दूसरी ओर, भारत के लिए चिंता की बात यह है कि बांग्लादेश की सीमा अपेक्षाकृत शांत रही है लेकिन अब यहां निगरानी और बढ़ानी होगी। अब सुरक्षा एजेंसियों को पश्चिमी मोर्चे की तरह पूर्वी मोर्चे पर भी संवेदनशीलता और सतर्कता बढ़ानी होगी। इससे सीमा सुरक्षा बल (BSF) और खुफिया तंत्र पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। देखा जाये तो बांग्लादेश से भारत में अवैध घुसपैठ और सीमांत व्यापार पहले से ही एक सामाजिक-आर्थिक चुनौती रहा है। यदि इसी चैनल से आतंकवादी घुसपैठ करने लगें तो असम, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा जैसे राज्यों में आंतरिक सुरक्षा संकट पैदा हो सकता है। यदि लश्कर का नेटवर्क बांग्लादेश में पैर पसारता है, तो यह पूरे दक्षिण एशिया में कट्टर इस्लामी उग्रवाद के लिए नया प्रजनन केंद्र बन सकता है। इससे भारत के सीमांत क्षेत्रों में भी सांप्रदायिक तनाव बढ़ने की संभावना है। 

इसके अलावा, सैफुल्लाह का “अमेरिका हमारे साथ है” वाला दावा भले झूठा हो, पर यह दर्शाता है कि पाकिस्तान प्रचार युद्ध के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय धारणा बदलने की कोशिश कर रहा है। भारत को इस स्तर पर राजनयिक प्रत्युत्तर देना होगा ताकि पाकिस्तान के झूठे दावों का खंडन वैश्विक मंचों पर प्रभावी रूप से हो सके।

साथ ही वीडियो में बच्चों की मौजूदगी का तथ्य केवल नैतिक रूप से नहीं, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी खतरनाक संकेत देता है। यह स्पष्ट है कि लश्कर जैसे संगठन अब आने वाली पीढ़ी को भी “जिहाद” के नाम पर प्रशिक्षित कर रहे हैं। यह भारत के लिए सबसे कठिन चुनौती है क्योंकि यह मानसिक युद्ध का हिस्सा है, जिसमें आतंकवाद केवल हथियारों से नहीं, विचारों से फैलाया जा रहा है। भारत को इस उभरते खतरे से निबटने के लिए सीमा निगरानी, ड्रोन सर्विलांस और इंटर-एजेंसी समन्वय को और मज़बूत करना होगा।

बहरहाल, हाफ़िज़ सईद और उसके संगठन की यह नई साज़िश इस बात का प्रमाण है कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान का आतंकवादी तंत्र अब भूगोल बदल रहा है, पर लक्ष्य वही है— भारत को अस्थिर करना।

यह खतरा केवल सीमांत सुरक्षा का नहीं, बल्कि राष्ट्र की रणनीतिक एकता और मानसिक दृढ़ता का भी परीक्षण है। भारत को इस चुनौती का सामना न केवल सैनिक शक्ति से, बल्कि कूटनीतिक दूरदर्शिता और वैचारिक दृढ़ता से भी करना होगा। चूंकि आतंक की दिशा बदली है, पर लक्ष्य नहीं— इसलिए भारत को अपनी रणनीति को भी उतनी ही लचीलापन और तीव्रता से बदलना होगा।

प्रमुख खबरें

EV Market में मचेगी खलबली! Ola Electric अपने Battery Business के लिए जुटाएगी ₹2000 करोड़

Credit-Debit Card यूजर्स को बड़ा झटका, Airport Lounge की फ्री सुविधा अब होगी बंद।

व्यापार घाटे पर राहत, पर Middle East संकट ने बढ़ाई टेंशन, Indian Exports पर मंडराया खतरा

West Bengal BJP Candidate List: भवानीपुर में भी नंदीग्राम वाला इतिहास दोहराएगा? BJP ने पहली लिस्ट जारी कर ही ममता पर प्रेशर बढ़ाया