By अनुराग गुप्ता | Aug 03, 2021
कर्नाटक को नया मुख्यमंत्री तो मिल गया लेकिन मंत्रिमंडल का विस्तार कब होगा ? इस पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने पार्टी आलाकमान जेपी नड्डा से विस्तृत चर्चा की। वहीं मध्य प्रदेश के शिवपुरी एवं श्योपुर जिलों में पिछले 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते तीन गांवों के कई लोग बाढ़ के पानी में फंस गये हैं, जिन्हें बचाने के लिए सेना के हेलीकाप्टर लगाये गए। कोरोना महामारी का वजह से स्कूल और कॉलेज काफी समय से बंद हैं लेकिन कई राज्य सरकारों ने उन्हें फिर से खोल दिया है। हालांकि दिल्ली सरकार ने अभी तक कोई फैसला नहीं किया है लेकिन अभिभावको, शिक्षको और बच्चों के सुझाव सरकार को मिल गए हैं।
मध्य प्रदेश बारिश
मध्य प्रदेश के शिवपुरी और श्योपुर जिलों में पिछले 24 घण्टे से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते दो लोगों मौत हो गई है, जबकि शिवपुरी जिले के तीन गांवों के कई लोग बाढ़ के पानी में फंस गये हैं, जिन्हें बचाने के लिए सेना के हेलीकाप्टर लगाये गए। शिवपुरी के जिलाधिकारी अक्षय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जिले में सेना के चार हेलीकॉप्टर पहुंच गए हैं और बाढ़ के पानी से घिरे तीन गांवों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का काम जारी है। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ की स्थिति को लेकर बैठक की। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें बाढ़ प्रभावित इलाकों में संयुक्त अभियान चला रही हैं और निचले इलाकों से कई लोगों को बचाया गया है।दिल्ली स्कूल खुलेंगे या नहीं ?
इसके अलावा कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर कमजोर होने के बाद कई राज्यों ने स्कूलों और कॉलेजों को खोल दिया है। जबकि दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने अभी कोई फैसला नहीं किया है। हालांकि शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने अभिभावकों, शिक्षकों और बच्चों से स्कूल के विषय पर सुझाव मांगा था। उन्हें 30 से 35 हजार लोगों के सुझाव प्राप्त हुए हैं। इन सुझावों का अध्ययन कर सरकार कोई भी फैसला ले सकती है। हालांकि इस विषय पर सिसोदिया ने कहा कि स्कूल खुलेंगे या नहीं समय पर बता दिया जाएगा।