By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 05, 2022
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जम्मू-कश्मीर में दो अलग-अलग आतंकी वारदातों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान की मौत और दो प्रवासी मजदूरों के घायल होने पर दुख प्रकट करते हुए मंगलवार को शहीद सीआरपीएफ जवान के परिजन को 11 लाख रूपये अनुग्रह अनुदान और घायल मजदूरों को मदद उपलब्ध कराने का आदेश दिया। पूर्व उपप्रधानमंत्री दिवंगत जगजीवन राम की जयंती के अवसर पर आयोजित राजकीय समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कल जम्मू-कश्मीर में हुई घटना दुखद है। उन्होंने कहा कि बिहार के दो घायल लोगों की सूचना मिलने के बाद पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि शहीद जवान के निकटतम आश्रित को राज्य सरकार की ओर से 11 लाख रूपये अनुग्रह अनुदान दिया जायेगा, साथ ही शहीद जवान विशल कुमार का राज्य सरकार की ओर से पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जायेगा। श्रीनगर के मैसूमा में हुए आतंकी हमले में घायल मुंगेर जिले के सीआरपीएफ जवान विशाल कुमार सोमवार को इलाज के दौरान चल बसे। एक अन्य घटना में आतंकवादियों ने सोमवार को पुलवामा जिले में बिहार के निवासी दो मजदूरों पातालेश्वर कुमार और जाको चौधरी पर गोलियां चलायी थीं।