By अंकित सिंह | Jul 15, 2026
बुधवार को नोएडा के मामूरा इलाके में एक इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी चार्ज करते समय लगी आग के कारण दो लोगों की मौत हो गई। यह आग एक इमारत में फैल गई थी। यह घटना मामूरा गांव में हुई, जो सेक्टर 66 और फेज-3 पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है। शुरुआती जांच के अनुसार, आग तब लगी जब चार्ज हो रही बैटरी में शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे निकली चिंगारी ने ग्राउंड फ्लोर पर खड़ी गाड़ियों को आग की चपेट में ले लिया। आग की लपटें तेज़ी से पूरी इमारत में फैल गईं और घना धुआं ऊपर की ओर बढ़ने लगा। इससे G+4 इमारत (ग्राउंड फ्लोर के अलावा चार मंज़िल) में रहने वाले लोग अंदर ही फंस गए। इस इमारत का इस्तेमाल 'पेइंग गेस्ट' (PG) के तौर पर किया जा रहा था और इसमें करीब 50 परिवार रहते थे।
गौतम बुद्ध नगर पुलिस के जॉइंट कमिश्नर राजीव नारायण ने बताया कि बिल्डिंग में पार्किंग ग्राउंड फ्लोर पर थी, बेसमेंट में नहीं। पार्किंग एरिया से निकला धुआं तेज़ी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गया, जिससे वहां रहने वाले लोग प्रभावित हुए। नारायण ने कहा कि फेज़-3 पुलिस स्टेशन इलाके के मामूरा गांव में आग लगने की सूचना मिली थी। फायर सर्विस ने तुरंत कार्रवाई की। लगभग 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, धुआं अंदर जाने की वजह से दो लोगों की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई और उन्हें ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
देशभर की राजनीति, ताज़ा घटनाओं और बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए पढ़ें National News in Hindi केवल प्रभासाक्षी पर।