हुती के खिलाफ हमलों में शामिल नहीं, ‘ऑपरेशन प्रॉस्पेरिटी गार्जियन’ का हिस्सा हैं : सिंगापुर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 14, 2024

सिंगापुर के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि उनके देश ने यमन में हुती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य हमलों में भाग नहीं लिया लेकिन वह लाल सागर में जहाजों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बने बहुराष्ट्रीय कार्य बल में शामिल है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सिंगापुर के बल लाल सागर में यमन के हुती विद्रोहियों द्वारा मालवाहक जहाजों पर हमलों से निपटने के लिए बनाए गए एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा बल ‘ऑपरेशन प्रॉस्पेरिटी गार्जियन’ में शामिल हैं। मंत्रालय ने ‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ के हवाले से एक बयान में कहा, ‘‘ऑपरेशन प्रॉस्पेरिटी गार्जियन का हुती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य हमलों से संबंध नहीं है।’’ इजराइल-हमास संघर्ष के बीच लाल सागर में व्यावसायिक जहाजों पर हुती विद्रोहियों के हमलों को लेकर दुनियाभर में तनाव बढ़ रहा है।

ईरान समर्थित विद्रोहियों ने कहा कि इन हमलों का मकसद गाजा पट्टी में इजराइल के साथ युद्ध में फलस्तीनी सशस्त्र समूह हमास के लिए समर्थन दिखाना है। अमेरिका और ब्रिटेन ने यमन में हुती विद्रोहियों के ठिकानों पर हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। दिसंबर में लाल सागर में सिंगापुर के ध्वज वाले डेनमार्क के एक कंटेनर जहाज पर हुती विद्रोहियों ने मिसाइल हमला किया था। उसकी मदद के लिए अमेरिका के दो विध्वंसक पोत आए थे और उनमें से एक युद्धपोत ने दो जहाज रोधी बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराया था।

उसी महीने विद्रोही समूह ने कहा था कि वह इजराइल की ओर जाने वाले सभी जहाजों को निशाना बनाएगा चाहे वे किसी भी देश के हो। सिंगापुर के रक्षा मंत्री एन ई हेन ने मंगलवार को संसद में कहा कि हुती विद्रोहियों के हमलों के परिणामस्वरूप दुनिया की सभी पांच सबसे बड़ी जहाजरानी कंपनियों ने लाल सागर से आवागमन निलंबित कर दिया है जो यूरोप और एशिया के बीच समुद्री व्यापार का सबसे छोटा मार्ग है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ‘ऑपरेशन प्रॉस्पेरिटी गार्जियन’ 39 देशों के संयुक्त समुद्री बल के तहत आने वाला एक प्रयास है।

प्रमुख खबरें

Mirzapur के कालीन भैया जैसा जौनपुर के कोडिन भइया कौन? कप सिरप को लेकर योगी-अखिलेश में भिड़ंत की पूरी कहानी क्या है

भड़काऊ भाषण देती है BJP..., कर्नाटक में Hate crimes prevention bill को लेकर सिद्धारमैया ने भगवा पार्टी पर किया पलटवार

बांग्लादेशी हिंदुओं की मदद के लिए वैश्विक हिंदू समाज को एकजुटता के साथ खड़ा होना होगाः Mohan Bhagwat

Epstein Files से किसने गायब की थीं ट्रंप की तस्वीरें? सवाल उठे तो अमेरिकी न्याय विभाग ने क्या नया बताया